chitta-supply-drone-border

पाकिस्तानी ड्रोन से जुड़ा चिट्टा नेटवर्क ध्वस्त, पंजाब बॉर्डर से मुख्य सप्लायर गिरफ्तार

नाहन, 25 सितंबर । पुलिस थाना काला अंब में दर्ज चिट्टा तस्करी के मामले में सिरमौर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। नशा तस्करी के अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ते हुए पुलिस ने इस नेटवर्क को तोड़ दिया हैयह जानकारी आज अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिरमौर नरेंद्र कुमार ने काला अंब में एक प्रेस कांफ्रेस में दी।

एसपी नरेंद्र कुमार ने बतायाकि 11.04.2026 को पुलिस थाना काला अंब की टीम ने 294 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर आरोपी आकाशदीप एवं रणजीत को गिरफ्तार किया था। इस दौरान वाहन चालक मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए उक्त वाहन के मालिक गंधर्व थापर को पंचकूला से हिरासत में लिया। आरोपियों से गहन पूछताछ एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर चिट्टा सप्लाई करने का लिंक तरनतारन, पंजाब, जो पाकिस्तान सीमा के समीप स्थित है, तक पहुंचा। इस मामले में पुलिस टीम ने 17.05.2026 को तरनतारन से आरोपी विरेंद्र पाल को गिरफ्तार किया।

विरेंद्र पाल से पूछताछ के दौरान सामने आया कि चिट्टा पाकिस्तान से ड्रोन के माध्यम से भारत में पहुंचाया जाता था, जिसके बाद इस नेटवर्क से जुड़े लोगों द्वारा इसकी आगे सप्लाई की जाती थी। आगे की जांच में इस नेटवर्क से जुड़े आरोपी उमर बीर सिंह का नाम सामने आया। इस पर पुलिस थाना काला अंब के एसएचओ कुलवंत सिंह कंवर की अगुवाई में पुलिस टीम का गठन किया गया, जिसमें साइबर सेल सिरमौर को भी शामिल किया गया। टीम द्वारा लगातार तकनीकी एवं मानवीय इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए आज उमर बीर सिंह को तरन तारन, पंजाब नजद पाकिस्तान बॉर्डर से गिरफ्तार किया गया।