मिलावटी पनीर के खिलाफ धनबाद में बड़ी कार्रवाई, गौतम डेयरी सील
धनबाद, 25 सितंबर । जिले में मिलावटी खाद्य पदार्थों की रोकथाम को लेकर जिला प्रशासन ने विशेष अभियान शुरू किया है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर सिविल सर्जन डॉ. आलोक विश्वकर्मा के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. राजा कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने शुक्रवार को धनबाद शहर के विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों में औचक छापेमारी की।
कार्रवाई के दौरान कई दुकानों से पनीर, घी और खोवा के नमूने लिए गए, जिन्हें रासायनिक जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला, रांची भेजा गया है। प्रारंभिक जांच में संदिग्ध पाए गए खाद्य पदार्थों को मौके पर ही जब्त किया गया।
स्टील गेट स्थित गौतम डेयरी में जांच के दौरान संचालक दुकान छोड़कर फरार हो गया। टीम ने प्रतिष्ठान का एफएसएसएआई लाइसेंस भी एक्सपायर्ड पाया। दुकान से 48 किलोग्राम संदिग्ध पनीर, 2 किलोग्राम घी और खोवा बरामद किया गया। भारी मात्रा में संदिग्ध खाद्य सामग्री मिलने और संचालक के फरार होने के बाद प्रतिष्ठान को तत्काल सील कर दिया गया।
वहीं, पुलिस लाइन स्थित राकेश डेयरी से 10 किलोग्राम संदिग्ध पनीर जब्त किया गया। इसके अलावा सरायढेला स्थित रूफ़ 709, निर्मल स्वीट्स और रमेश डेयरी तथा बरटांड़ स्थित गंगा डेयरी से पनीर, घी और खोवा-मिठाई के नमूने लिए गए। मौके पर जांच में विफल पाए गए खाद्य पदार्थों को भी जब्त किया गया।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि आम लोगों को शुद्ध, स्वच्छ और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान पूरे जिले में लगातार जारी रहेगा। मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने और बिना वैध लाइसेंस के खाद्य कारोबार संचालित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।









