angan-milan-seva-launched

जिलेभर में ‘आंगन मिलन सेवा’ का शुभारंभ, आंगनबाड़ी केंद्रों में दिखी जनभागीदारी

बलरामपुर, 25 सितंबर । सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में शुक्रवार से ‘आंगन मिलन सेवा’ की शुरुआत हुई। 6 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के लिए जिले के आंगनबाड़ी केंद्रों को 80 क्लस्टरों में संगठित किया गया है। पहले दिन सांसद, विधायकों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।

राजपुर परियोजना के भदार आंगनबाड़ी केंद्र में सरगुजा सांसद चिंतामणी महाराज की मौजूदगी में स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, ‘मेरी पोषण थाली’ प्रदर्शनी, न्योता भोज और खिलौना दान कार्यक्रम हुआ। मातृ संवाद के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और महतारी वंदन योजना की जानकारी दी गई तथा हितग्राही माताओं और बच्चों से बातचीत की गई।

वाड्रफनगर परियोजना के कार्यक्रम में प्रतापपुर विधायक शकुंतला सिंह पोर्ते ने आंगनबाड़ी केंद्रों से समुदाय को जोड़ने पर जोर दिया। वहीं शंकरगढ़ में सामरी विधायक उद्धेश्वरी पैकरा की मौजूदगी में महिलाओं को स्वास्थ्य जांच, गर्भावस्था के दौरान देखभाल और बच्चों के पोषण पर ध्यान देने के लिए प्रेरित किया गया।

अभियान के तहत जिलेभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण शक्ति सम्मान, स्वस्थ शिशु प्रतियोगिता, व्यंजन विधि प्रदर्शनी, स्वास्थ्य जांच, पौधरोपण, चित्रकला और खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। ग्रामीणों की ओर से खिलौने, फल और अन्न भेंट किए जा रहे हैं तथा न्योता भोज में बच्चों के साथ भोजन किया जा रहा है। जनभागीदारी से आंगनबाड़ी केंद्रों में पोषण, स्वास्थ्य और सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा दिया जा रहा है।