jh-binod-babu-homage-programme

बिनोद बिहारी महतो के विचारों को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा और रोजगार को प्राथमिकता जरूरी : सुदेश महतो

रांची, 23 सितंबर । झारखंड आंदोलन के पुरोधा और समाज सुधारक बिनोद बिहारी महतो तथा पूर्व सांसद राज किशोर महतो की जयंती पर बुधवार को सिल्ली और रांची स्थित आजसू पार्टी कार्यालय में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पार्टी अध्यक्ष सुदेश कुमार महतो समेत नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दोनों विभूतियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

सुदेश कुमार महतो ने नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बिनोद बिहारी महतो की प्रतिमा और चित्र पर माल्यार्पण कर उनके संघर्षों और विचारों को याद किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बिनोद बाबू के सपनों के झारखंड में शिक्षा, स्वाभिमान, रोजगार, सामाजिक न्याय और आम लोगों के अधिकारों को प्रमुख स्थान हासिल था। उन्होंने कहा कि राज्य गठन के वर्षों बाद भी युवाओं के सामने रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं की पारदर्शिता जैसे सवाल बने हुए हैं।

सुदेश महतो ने कहा कि झारखंड के युवा मेहनत और उम्मीद के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करते हैं। परीक्षा प्रक्रिया में अनियमितता, प्रश्नपत्र लीक और भ्रष्टाचार से जुड़े आरोपों की खबरें उनके भविष्य को लेकर चिंता पैदा करती हैं। ऐसे मामलों में निष्पक्ष जांच, दोषियों पर कार्रवाई और परीक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता आवश्यक है।

सुदेश महतो ने कहा कि जिस राज्य के आंदोलनकारियों ने शिक्षा को सामाजिक बदलाव का माध्यम माना, वहां युवाओं को रोजगार और निष्पक्ष अवसर के लिए संघर्ष करना पड़े, यह चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि बिनोद बिहारी महतो के विचारों को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा की गुणवत्ता, रोजगार के अवसर, पारदर्शी नियुक्ति प्रक्रिया और भ्रष्टाचार पर प्रभावी नियंत्रण को प्राथमिकता देनी होगी।

सिल्ली के कार्यक्रम में केंद्रीय संगठन सचिव जयपाल सिंह, केंद्रीय सचिव सुशील महतो, रांची जिला परिषद उपाध्यक्ष वीणा चौधरी, सिल्ली प्रखंड प्रमुख जितेंद्र बड़ाइक, झारखंड आंदोलनकारी लक्ष्मी महतो सहित पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

रांची स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में बुद्धिजीवी मंच के महासचिव मुकुंद चंद्र मेहता, प्रवक्ता ज्ञान सिन्हा, केंद्रीय सचिव हरीश कुमार, केंद्रीय मीडिया संयोजक परवाज खान, आजसू छात्रसंघ के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा, चेतन सिंह, प्रताप सिंह, राजेश सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित थे।————