स्वस्थ जीवनशैली के लिए आयुर्वेद को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाएं : उपायुक्त
पश्चिमी सिंहभूम, 23 सितंबर । जिला समाहरणालय के सभागार में बुधवार को 11 वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त मनीष कुमार ने की। इस वर्ष आयुर्वेद दिवस की थीम ‘स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद’ रखी गई है। कार्यक्रम में उपायुक्त ने आयुर्वेद को भारत की पारंपरिक चिकित्सा विरासत का महत्वपूर्ण हिस्सा बताते हुए लोगों से स्वस्थ जीवनशैली के लिए आयुर्वेद के सिद्धांतों को दैनिक जीवन में अपनाने की अपील की।
उपायुक्त ने कहा कि आयुर्वेद केवल बीमारी के उपचार तक सीमित नहीं है, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और समग्र स्वास्थ्य पर केंद्रित चिकित्सा पद्धति है। ‘स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद’ की इस वर्ष की थीम लोगों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होने और उपलब्ध आयुष सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने ग्रामीण और सुदूर क्षेत्रों में आयुष विभाग के कर्मियों एवं योग मित्रों द्वारा स्वास्थ्य जागरूकता और चिकित्सा सेवाओं के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।
कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान धन्वंतरी की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद आयुर्वेद दिवस के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुब्बारे उड़ाए गए। कार्यक्रम स्थल पर आयुर्वेद की थीम पर आकर्षक रंगोली भी तैयार की गई थी।
इस अवसर पर स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले ग्रामीण वैद्य, आयुष योग मित्र और आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। उन्हें मोमेंटो, औषधीय पौधे और शॉल देकर उनके कार्यों की सराहना की गई। आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में किए जा रहे कार्यों और आयुष चिकित्सा सेवाओं से लोगों को मिल रहे लाभ से जुड़ी सफलता की कहानियां भी साझा कीं।
वहीं उप विकास आयुक्त उत्कर्ष कुमार ने कहा कि आयुर्वेद उपचार की पद्धति के साथ स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की समग्र व्यवस्था है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक आयुष सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और लोगों को योग, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने में आयुष कर्मियों और योग मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम में सिविल सर्जन डॉ मीणा कल्णुडिया, जिला आयुष पदाधिकारी डॉ एनके चौधरी और सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ शिवचरण हंसदा ने भी आयुर्वेद दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला।
मौके पर सभी आयुष सामुदायिक स्वास्थ्य पदाधिकारी, योग मित्र और संबंधित स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।









