युवक ने की खुदकुशी, जांच में जुटी पुलिस
पूर्वी सिंहभूम, 20 सितंबर । पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला थाना क्षेत्र के गोपालपुर में शनिवार की रात एक युवक ने अपने घर के कमरे में फंदे से लटककर खुदकुशी कर ली। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है। मृतक की पहचान गोपालपुर निवासी दाल सिंह उर्फ अचल सिंह के पुत्र दीपक सिंह के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, दीपक पिछले दो दिनों से मानसिक तनाव में चल रहे थे। हालांकि, उन्होंने खुदकुशी जैसा कदम क्यों उठाया, इसका स्पष्ट कारण अब तक सामने नहीं आया है।
परिजन राजकुमार सिंह ने रविवार को बताया कि शनिवार की रात दीपक अपने घर के एक कमरे में चले गए और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया। काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं निकलने पर परिवार के लोगों को संदेह हुआ। आवाज देने के बावजूद जब दरवाजा नहीं खुला तो परिजनों ने दरवाजा तोड़ दिया। कमरे के अंदर दीपक को फंदे से लटका देख परिवार के लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
परिजनों ने तत्काल दीपक को फंदे से नीचे उतारा और इलाज के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां चिकित्सक डॉ. शंकर टुडू ने जांच के बाद दीपक को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। खुदकुशी के पीछे वास्तविक कारण क्या था, इसकी जांच की जा रही है। परिजनों द्वारा बताए गए मानसिक तनाव के कारणों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।









