मध्य प्रदेश में कमजोर स्वास्थ्य व्यवस्था के कारण बच्चाें की माैत पीड़ादायक : इरफान
रांची, 11 सितंबर । मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने मध्य प्रदेश में आदिवासी बच्चों की हो रही मौतों को लेकर भाजपा सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने शुक्रवार को जारी विज्ञप्ति में कहा कि बच्चे किसी एक राज्य के नहीं, बल्कि पूरे देश के हैं। जरूरत पड़ी तो वे स्वयं मध्य प्रदेश जाकर वहां की स्वास्थ्य व्यवस्था का जायजा लेंगे और जरूरतमंद बच्चों की मदद करेंगे।
अंसारी ने कहा कि गंदे पानी, मलेरिया और कमजोर स्वास्थ्य व्यवस्था के कारण किसी बच्चे की माैत बेहद पीड़ादायक है। सरकार की पहली जिम्मेदारी लोगों की जान बचाना है, राजनीति करना नहीं। उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब और आदिवासी परिवारों को बेहतर इलाज, दवा और शिक्षा उपलब्ध कराने के बजाय उनके दर्द की अनदेखी की जा रही है।
स्वास्थ्य मंत्री ने मध्य प्रदेश सरकार से पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच, मृतक बच्चों के परिवारों को उचित मुआवजा, स्वच्छ पेयजल, मलेरिया नियंत्रण और स्वास्थ्य सुविधाओं को तत्काल मजबूत करने की मांग की।









