मोहम्मद साहब की जयंती पर खूंटी में निकला जुलूस-ए-मोहम्मदी
खूंटी , 26 अगस्त । पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब की जयंती के अवसर पर बुधवार को खूंटी में जश्न-ए-ईद मिलादुन्नबी हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर जन्नतनगर स्थित मदीना मस्जिद के समीप से जुलूस-ए-मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस का नेतृत्व इमाम मौलाना मुफ्ती नसीर रिजवी, जन्नतनगर पंचायत के सदर आसिफ इकबाल, संरक्षक जावेद अंसारी, इम्तियाज अंसारी, महमूद अंसारी, मदीना मस्जिद के सदर जैनुल अंसारी व इरशाद राईन ने किया।
जुलूस जन्नतनगर से निकलकर लियाकत अली लेन, शिवाजी चौक, कर्रा रोड होते हुए बरपिंडा पहुंचा। इसके बाद आजाद रोड, भगत सिंह चौक, मेन रोड और नेताजी चौक होते हुए वापस जन्नतनगर पहुंचा, जहां दुआ के बाद जुलूस का समापन हुआ। इसमें बच्चों और युवाओं समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। लोग धार्मिक ध्वज एवं निशान लेकर पैगंबर हजरत मोहम्मद साहब के समर्थन में नारे लगाते हुए चल रहे थे।
जुलूस को लेकर प्रशासन सतर्क रहा। सुरक्षा की कमान एसडीपीओ मंगल सिंह जामुदा ने संभाली। थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह सहित पुलिस अधिकारी, दंडाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान जुलूस के साथ तैनात रहे। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर भी सुरक्षा बलों की तैनाती की गई थी।









