भारी बरसात से बही सड़क, बांध के टूटने से फसलों को नुकसान
पलामू, 18 अगस्त । जिले के सुदूरवर्ती और आदिम जनजाति बहुल रामगढ प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण कई इलाकों की सड़क टूटकर बह गई है। बांध के टूटने से फसलों को नुकसान पहुंचा है। छलका के बह जाने से आवागमन पर व्यापक असर पड़ा है। हूटार, नावाडीह, मायापुर, बनालात, कुंडपानी, मुसुरमूह, उलडंडा, सेरका का प्रखंड मुख्यालय का संपर्क कट गया है।
मामले को लेकर जिला पार्षद छोटन सिंह ने मंगलवार को उपायुक्त से मामले में जांच कर मरम्मत कराने का आग्रह किया है, ताकि जनप्रतिनिधि अपने क्षेत्र में अपने स्तर से मरम्मत कार्य कर सकें। प्रभावित किसानों ने फसल की क्षतिपूर्ति देने की मांग की है।
उल्लेखनीय है कि रामगढ़ कुट्टी मोड़ भाया हूटार तक का सड़क निर्माण कार्य प्रगति पर है, लेकिन अभी बरसात के पानी से सड़क और छलका कई जगह बह गए हैं। इस कारण कई गांव का प्रखंड मुख्यालय से संपर्क कट गया है। किसी तरह दो पहिया वाहन चल रहे हैं। ऐसे में यदि किसी की तबीयत खराब होगी तो एम्बुलेंस गांव में नहीं आ पाएगी। ऐसे में इलाज नहीं होने पर लोगों की जान भी जा सकती है।
वहीं रामगढ़ से हूटार रास्ते में भी चार जगहों पर सड़क टूट गई है। टेमरदहा नदी सरजा में छलका बह गया है। नारायणबांध नावाडीह का कलभट्ट भी बह गया है।
मायापुर पडवनिया नाला में छलका, कलबलाहटाड़ के आहार के पास सड़क बह गई है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसी तरह से तिनकोनिया मोड़ से सरहुआ के बीच पुल के पास में सड़क पिच के टूट जाने से रास्ता संकीर्ण हो गया है। सिर्फ दो पहिया वाहन ही चल पा रहे हैं। चार पहिया वाहन को वापस घूम कर रामगढ़ आना पड़ रहा है। बूढी गमहार डैम भी टूट गया है, जिससे जमा पानी बहकर बर्बाद हो रहा है।
मांग करने वालों में जिला पार्षद के अलावा मुखिया पति नागेंद्र राम, समाजसेवी मनोज प्रसाद ग्रामीण मंटू कुमार रवि, केदारनाथ टेट, दीपक कुमार, महेश सिंह, हरिहर मुंडा, उपेंद्र सिंह, विनय पासवान, मसूदन पासवान, उपेंद्र सिंह, सतेंद्र रवि,हलकान सिंह, दीपक रजक, सहित दर्जनों ग्रामीण शामिल हैं।
इसके अलावा बूढ़ी गमहार डैम के टूटने से धान की फसल बह गयी, जिससे लाखों का नुकसान हो गया है। किसानों ने जिला प्रशासन से मुआवजा के लिए गुहार लगायी है। प्रभावित किसानों में बजरंग सिंह, जगजीवन सिंह, नंदलाल सिंह, प्रभु सिंह, शिवनाथ सिंह, शंकर सिंह, गणेश सिंह, महेश सिंह, मुकुंद सिंह, विमलेश सिंह, इंद्रदेव सिंह, सोमनाथ सिंह, बच्चू सिंह, अजय सिंह, जितेंद्र सिंह, गोपाल सिंह, विराज नाथ सिंह, कल्लू सिंह शामिल हैं।









