black-cobra-enters-sdms-official-residence

एसडीएम के सरकारी आवास में घुसा छह फीट लंबा ब्लैक कोबरा

कोटा, 18 अगस्त । दीगोद में उस समय हड़कंप मच गया, जब एसडीएम के सरकारी आवास में करीब 6 फीट लंबा ब्लैक कोबरा घुस आया। सांप मेन गेट के पास पोर्च में घूमता हुआ गमलों के नीचे जाकर छिप गया। जहरीले सांप को देखकर गार्ड भी पोर्च से बाहर निकल आया। घटना के समय एसडीएम अपने परिवार के साथ सरकारी आवास में मौजूद थे। सांप के डर से परिवार के सदस्य करीब दो घंटे तक कमरों से बाहर नहीं निकले।

सांप को रेस्क्यू करने वाले रॉकी डेनियल ने बताया कि घटना दोपहर की है। सरकारी आवास के मेन गेट के पास पोर्च में गार्ड की नजर अचानक करीब 6 फीट लंबे ब्लैक कोबरा पर पड़ी। सांप को देखते ही गार्ड ने पोर्च से बाहर निकलकर इसकी सूचना दी। इसके बाद रेस्क्यू टीम को बुलाया गया।

सूचना मिलते ही रॉकी डेनियल मौके पर पहुंचे। इस दौरान कोबरा इधर-उधर रेंगता हुआ पोर्च में रखे गमलों के नीचे जाकर छिप गया। करीब दो घंटे बाद दोपहर में रॉकी ने सावधानीपूर्वक रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। करीब 5 से 10 मिनट की मशक्कत के बाद कोबरा को सुरक्षित पकड़ लिया गया। इसके बाद एसडीएम के परिवार और आसपास मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली।

रॉकी डेनियल के अनुसार सरकारी आवास के आसपास खेत का क्षेत्र है। ऐसे में संभावना है कि कोबरा शिकार की तलाश में वहां पहुंचा हो। ब्लैक कोबरा जहरीला सांप होता है और आमतौर पर चूहे, मेंढक तथा दूसरे सांपों का शिकार करता है। बारिश के दिनों में सांपों के बिल में पानी भर जाने के कारण वे सूखे और सुरक्षित स्थान की तलाश में बाहर निकलते हैं। इसी वजह से इन दिनों रिहायशी इलाकों में भी सांप दिखाई देने की घटनाएं बढ़ जाती हैं।

एसडीएम के सरकारी आवास में जहरीले कोबरा के पहुंचने की खबर फैलते ही आसपास के लोगों में भी कौतूहल और डर का माहौल बन गया। हालांकि समय रहते सांप को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिए जाने से किसी तरह की अनहोनी नहीं हुई।