दुकानदार को झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर की 5 लाख की मांग
जयपुर, 18 अगस्त । शास्त्री नगर थाना इलाके में एक दुकानदार को फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने और झूठे छेड़छाड़ व दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर 5 लाख रुपए मांगने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर थाने में तीन युवतियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस के अनुसार भट्टा बस्ती निवासी दुकानदार की दुकान पर तीन युवतियां अक्सर खरीदारी के लिए आती थीं। ग्राहक होने के कारण दुकानदार से उनकी बातचीत होने लगी। आरोप है कि युवतियां काफी देर तक दुकान पर बैठकर बातचीत करती थीं। इसी दौरान मौका पाकर वे दुकानदार के दो मोबाइल फोन ले गईं। साथ ही अपने मोबाइल से उसके साथ फोटो खींच लिए।
पीड़ित का आरोप है कि मोबाइल वापस मांगने पर युवतियों ने फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। इसके अलावा एडिट फोटो के आधार पर झूठे छेड़छाड़ और दुष्कर्म के मामले में फंसाने की धमकी देकर 5 लाख रुपए मांगे।
पुलिस के मुताबिक रुपए देने से इनकार करने पर आरोपियों ने कथित तौर पर फेक इंस्टाग्राम आईडी बनाई और एडिट की गई तस्वीरें उस पर पोस्ट कर दीं। 30 जुलाई की रात भी धमकी देकर कहा गया कि 5 लाख रुपए नहीं देने पर अंजाम भुगतना पड़ेगा और जिंदगी बर्बाद कर देंगे। लगातार ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर दुकानदार ने पुलिस की शरण ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









