love-zihad-jehad-police-bns

जबलपुर: जिला न्यायालय परिसर के बाहर युवक-युवती को लेकर विवाद, पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर शुरू की जांच

जबलपुर, 30 जुलाई । जिला न्यायालय परिसर के गेट नंबर-3 के बाहर गुरुवार को एक युवक और युवती के मिलने के बाद विवाद की स्थिति बन गई। मौके पर पहुंचे बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने इसे कथित “लव जिहाद” का मामला बताते हुए दोनों को रोककर विरोध जताया।

कार्यकर्ताओं का दावा है कि युवती राजस्थान की रहने वाली है, जबकि युवक जबलपुर के भेड़ाघाट क्षेत्र का निवासी है। उनका आरोप है कि युवती को उसके परिजनों की जानकारी के बिना जबलपुर लाया गया था और किसी परिचित की मदद से दोनों का विवाह कराने की तैयारी की जा रही थी। हालांकि, इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए, जिससे कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। सूचना पर ओमती थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

पुलिस युवक और युवती को सुरक्षित थाने ले गई, जहां उनसे पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल किसी भी पक्ष के आरोपों या दावों की पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने और तथ्य सामने आने के बाद ही नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई है।