पीएम आवास घेरने की कांग्रेस की कोशिश लोकतंत्र और सुरक्षा व्यवस्था पर हमला : डॉ. अर्चना गुप्ता
रोहतक, 22 जुलाई । कांग्रेस पार्टी द्वारा देश में अराजकता फैलाने और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर प्रदर्शन कर सुरक्षा के लिए खतरा पैदा करने के विरोध में भाजपा ने बुधवार को रोहतक में प्रदर्शन किया। इस अवसर पर भाजपा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक आवास के बाहर राहुल गांधी और कांग्रेस का प्रदर्शन लोकतांत्रिक मर्यादाओं और देश की सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देने का प्रयास है। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब नीट परीक्षा को लेकर मामला सामने आया था, तब राहुल गांधी 24 दिनों तक विदेश में छुट्टी मनाने चले गए।
संसद शुरू हुई तो विदेश की ठंडी हवा खाकर अचानक आ धमके। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी सकारात्मक चर्चा करने की बजाए प्रधानमंत्री के आवास पर चोरी छिपे पहुंचकर प्रदर्शन कर रहे हैं जो निदंनीय है। डा. अर्चना गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस को पेपर लीक पर बोलने का नैतिक अधिकार नहीं है। 2014 से पहले कई बार पेपर लीक हुए, लेकिन कांग्रेस की सरकार ने कोई कार्रवाई नहीं की। उन्होंने कहा कि जैसे ही पेपर लीक का मामला सामने आया शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने तुरंत एक्शन किया और ठीक तरीके से परीक्षाएं कराई। मोदी सरकार की नीतियों से विद्यार्थी खुश हैं और संतुष्ट हैं और एडमिशन लेकर अपनी पढाई कर रहे है।
उन्होंने राहुल गांधी को मौसमी नेता बताते हुए कहा कि वे केवल राजनीतिक अवसर आने पर ही सक्रिय दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी भोले-भाले युवाओं को गुमराह कर उनके कंधों पर राजनीति की बंदूक रखना चाहते हैं, लेकिन आज का युवा जागरूक है और वह विकास, पारदर्शिता तथा सुशासन की राजनीति के साथ खड़ा है। डा. अर्चना गुप्ता ने राहुल गांधी और कांग्रेस नेताओं को 1975 के आपातकाल की याद दिलाते हुए कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी हत्या कांग्रेस ने की थी। राहुल गांधी की दादी इंदिरा गांधी ने विपक्षी नेताओं को जेलों में डाला, नागरिक अधिकार छीने लिए और संविधान की भावना को कुचलने का काम किया।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को अपना इतिहास में झांक लेना चाहिए। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि भाजपा हर मुद्दे पर संसद में चर्चा के लिए तैयार है, लेकिन कांग्रेस तथ्य और तर्क के बजाय हंगामा करने में विश्वास रखती है। उन्होंने कहा कि संसद जनता के टैक्स के पैसों से चलती है, जनहित के कानून बनते हैं, लेकिन कांग्रेस लगातार संसद की कार्यवाही बाधित कर देशहित के मुद्दों को रोकने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रहा है, लेकिन कांग्रेस को भारत की यह प्रगति अच्छी नहीं लगती। उन्होंने कहा कि देश की जनता कांग्रेस की राजनीति को पूरी तरह समझ चुकी है। पूरा भारत कांग्रेस की करतूतों को देख रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कांग्रेस की बची-खुची 99 सीटें भी नहीं रहेगी और कांग्रेस का सूपडा साफ हो जाएगा।









