उत्तर-पश्चिम रेलवे में आरपीएफ ने एक माह में 3,037 लोगों पर की कार्रवाई, रेल संपत्ति चोरी के 16 आरोपी गिरफ्तार
जयपुर, 20 जुलाई । उत्तर-पश्चिम रेलवे पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा “सेवा ही संकल्प” अभियान के तहत कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने तथा रेल यात्रियों, रेलवे परिसरों और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। पिछले एक माह के दौरान आरपीएफ ने यात्रियों की सहायता, रेल संपत्ति की सुरक्षा और विभिन्न अधिनियमों के तहत कार्रवाई करते हुए उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त ज्योति कुमार सतीजा के नेतृत्व में आरपीएफ ने रेलवे सुरक्षा और यात्री सुविधा से जुड़े विभिन्न अभियानों को प्रभावी ढंग से संचालित किया। उन्होंने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल पोस्ट एवं यात्री मित्र बूथों के माध्यम से सहायता मांगने वाले सात व्यक्तियों को उनके परिजनों, 85 लोगों को गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) तथा दो व्यक्तियों को पुलिस के सुपुर्द किया गया।
ऑपरेशन अमानत के तहत एक माह में ट्रेन अथवा रेलवे परिसर में छूटे 166 सामान उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए गए। वहीं यात्रियों के चोरी हुए 41 सामान जीआरपी अथवा सिविल पुलिस को सौंपे गए तथा आठ लावारिस सामान एलपीओ कार्यालय में जमा कराए गए।
विशेष टास्क फोर्स ने उत्तर-पश्चिम रेलवे के विभिन्न मंडलों में कार्रवाई करते हुए 41 आरोपियों को पकड़कर अग्रिम कार्रवाई के लिए जीआरपी के हवाले किया। रेल संपत्ति चोरी के 14 मामले दर्ज किए गए, जिनमें 10 मामलों में 16 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 4 लाख 48 हजार 199 रुपये मूल्य की रेल संपत्ति बरामद की गई।
आरपीएफ ने रेल अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत 3,161 मामले दर्ज कर 3,037 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 4 लाख 81 हजार 311 रुपये का जुर्माना वसूला। रेलवे परिसर में धूम्रपान करने के 68 मामलों में 99 हजार रुपये तथा गंदगी फैलाने वाले 17 व्यक्तियों से 3,700 रुपये जुर्माना वसूला गया।
बिना कारण चेन पुलिंग करने के 400 मामलों में 327 लोगों के खिलाफ कार्रवाई कर 53 हजार 450 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं ट्रेन की छत अथवा पायदान पर यात्रा करने वाले 41 लोगों से 6,200 रुपये जुर्माना वसूला गया। आरपीएफ ने एक माह के दौरान 2,011 अभियानों में वाणिज्य विभाग को सहयोग प्रदान करते हुए 4,550 व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई कर 18 लाख 98 हजार 705 रुपये का जुर्माना वसूलने में सहायता की।
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि रेलवे सुरक्षा बल रेलवे भूमि से अस्थायी अतिक्रमण हटाने तथा ट्रेनों में प्रतिबंधित सामान की ढुलाई रोकने के लिए भी लगातार सतर्कता के साथ अभियान चला रहा है।









