indore-youth-enraged-over-honking

इंदौर: हॉर्न बजाने पर भड़का युवक, कार पर चढ़कर की तोड़फोड़

इंदौर, 13 जुलाई । मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के रावजी बाजार थाना क्षेत्र में रविवार रात एक दंपती को बीच सड़क पर खड़े युवक को हॉर्न बजाना भारी पड़ गया। मामूली बात पर गुस्साए युवक ने कार के बोनट पर चढ़कर जमकर उत्पात मचाया और कार के सामने सहित अन्य शीशे तोड़ दिए।

पूरी घटना कार में बैठे दंपती ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर ली, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की पहचान कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, सिंधी कॉलोनी निवासी बाबू पंजवानी अपनी पत्नी के साथ कार से गुजर रहे थे। पलासिया चौराहे के पास शराब दुकान के सामने एक युवक बीच सड़क पर खड़ा था। रास्ता खाली कराने के लिए दंपती ने हॉर्न बजाया। इसी बात से युवक आगबबूला हो गया। युवक पहले कार के बोनट पर हाथ मारने लगा और देखते ही देखते बोनट पर चढ़ गया। इसके बाद उसने कार के सामने का शीशा और अन्य कांच तोड़ दिए। घटना के दौरान दंपती कार के अंदर ही मौजूद रहे और उन्होंने पूरी वारदात अपने मोबाइल में कैद कर ली। घटना के बाद दंपती रावजी बाजार थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। वहीं, सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो भी पुलिस के हाथ लगा है।

पुलिस ने शुरू की तलाश

रावजी बाजार थाना पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को रवाना किया गया है। वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने का दावा पुलिस ने किया है।