युवाओं को शिक्षा, स्वास्थ्य और समान अवसर मिले तो देश का भविष्य होगा मजबूत : डॉ प्रभात
पश्चिमी सिंहभूम, 11 जुलाई । विश्व जनसंख्या दिवस के अवसर पर महिला कॉलेज चाईबासा की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) बीएड इकाई की ओर से शनिवार को आयोजित विशेष व्याख्यान में मुख्य वक्ता डॉ प्रभात कुमार सिंह ने कहा कि देश के विकास की सबसे बड़ी ताकत युवा हैं।
उन्होंने कहा कि यदि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, समान अवसर और कौशल विकास के पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जाए तो वे न केवल अपनी आशाओं और आकांक्षाओं को साकार करेंगे, बल्कि देश के सतत और समावेशी विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने युवाओं से जनसंख्या संबंधी चुनौतियों के प्रति जागरूक, संवेदनशील और जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
महिला कॉलेज चाईबासा में आयोजित इस कार्यक्रम का विषय युवाओं की आशाओं और आकांक्षाओं को साकार करना – आज और भविष्य के लिए रखा गया था। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।
राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ अर्पित सुमन ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि विश्व जनसंख्या दिवस का उद्देश्य समाज में जनसंख्या, स्वास्थ्य, शिक्षा, लैंगिक समानता और सतत विकास के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
उन्होंने बताया कि महाविद्यालय में प्रत्येक वर्ष इस अवसर पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं ताकि छात्राओं में सामाजिक दायित्वों के प्रति सकारात्मक सोच विकसित हो सके।
व्याख्यान के बाद आयोजित संवाद सत्र में छात्राओं ने जनसंख्या, शिक्षा और सामाजिक विकास से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका मुख्य वक्ता ने विस्तार से उत्तर दिया। इस अवसर पर बीएड सेमेस्टर-1 की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को बधाई देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया।
इस अवसर पर बी.एड. सेमेस्टर-1 की बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित थींं।









