श्रावणी मेला में आमरेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाएं देना प्राथमिकता : उपायुक्त
खूंटी, 11 जुलाई । झारखंड के दूसरे बाबा धाम के रूप में प्रसिद्ध बाबा आम्रेश्वर धाम में 30 जुलाई से 28 अगस्त तक आयोजित होने वाले श्रावणी मेला को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। उपायुक्त मो. जावेद हुसैन और पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने शनिवार को मंदिर परिसर स्थित सभागार में बाबा धाम प्रबंध समिति एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर मेले को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और श्रद्धालु-अनुकूल बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि श्रावण माह में बाबा आम्रेश्वर धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध तरीके से सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया।
बैठक में मंदिर परिसर और आसपास नियमित साफ-सफाई, शुद्ध पेयजल, मोबाइल एवं स्थायी शौचालय, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्ट्रीट लाइट, पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती, स्वयंसेवकों की प्रतिनियुक्ति, सड़क मरम्मत, पार्किंग व्यवस्था, स्वास्थ्य शिविर, एम्बुलेंस, पारा मेडिकल टीम तथा अग्निशमन वाहन की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त ने पथ निर्माण विभाग को मंदिर मार्ग और आसपास की सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की सफाई तथा आवश्यकतानुसार सड़क मरम्मत कराने का निर्देश दिया। साथ ही बनई नदी एवं मंदिर परिसर स्थित तालाब के समीप गोताखोरों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा, ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना की स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य किया जा सके। उन्होंने शौचालयों की नियमित सफाई और स्वच्छता बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया।
बैठक में ट्रैफिक डायवर्जन, बैरिकेडिंग, दिशा-सूचक बोर्ड (साइनेज), एलईडी स्क्रीन, भीड़ प्रबंधन तथा आपातकालीन व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। मंदिर प्रबंधन समिति को सभी सीसीटीवी कैमरों को पूरी तरह सक्रिय रखने, श्रद्धालुओं के लिए सुव्यवस्थित कतार व्यवस्था बनाने तथा स्वयंसेवकों को पूरी मुस्तैदी से तैनात रखने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने कहा कि श्रावणी मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। संवेदनशील स्थलों पर विशेष पुलिस बल की तैनाती की जाएगी और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं से प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस अथवा नियंत्रण कक्ष को सूचना देने की अपील की।
बैठक के उपरांत उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक ने बाबा आम्रेश्वर धाम मंदिर परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। जिला प्रशासन ने सभी विभागों को समन्वित प्रयासों के साथ श्रावणी मेला-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए समय पर सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।









