government-land-freed-from-encroachment

बलरामपुर : राजस्व और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई, 2.5 एकड़ शासकीय भूमि अतिक्रमण से मुक्त

बलरामपुर, 07 जुलाई । आज मंगलवार को जिला प्रशासन ने अवैध अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम के माध्यम से 2.5 एकड़ शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया। इस कार्रवाई से साप्ताहिक बाजार के संचालन के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध हो गया है।

कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देश और अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) अभिषेक गुप्ता के मार्गदर्शन में विकासखंड बलरामपुर के ग्राम भैंसामुंडा और राधाकृष्णनगर में यह कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम ने सार्वजनिक उपयोग की शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाकर उसे प्रशासन के कब्जे में लिया।

प्रशासन के अनुसार अतिक्रमण हटने के बाद साप्ताहिक बाजार के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध हो गई है। इससे दुकानदारों और ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा बाजार का संचालन पहले की तुलना में अधिक व्यवस्थित और सुचारु रूप से किया जा सकेगा।

जिला प्रशासन ने इसे सार्वजनिक उपयोग की शासकीय भूमि के संरक्षण और ग्रामीण बाजार व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया है। कलेक्टर ने अधिकारियों को शासकीय भूमि की नियमित निगरानी करने तथा कहीं भी अतिक्रमण मिलने पर नियमानुसार तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आम नागरिकों से भी शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।