बजरंग दल और विहिप के स्वास्थ्य शिविर में 120 से अधिक मरीजों की जांच की जांच
विश्व हिंदू परिषद–बजरंग दल, जिला खूंटी की ओर से सेवा सप्ताह के तहत रविवार को बड़ाईक टोली में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 120 से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा जरूरतमंद मरीजों के बीच मुफ्त दवाइयों का वितरण किया गया। ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जनसेवा की दिशा में सराहनीय प्रयास बताया।
शिविर का नेतृत्व बजरंग दल के जिला सह संयोजक कर्मवीर महतो ने किया। उनके नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पंजीकरण, मरीजों की व्यवस्था एवं चिकित्सा टीम के समन्वय की जिम्मेदारी निभाई। शिविर में केएस गंगा अस्पताल के डॉ. अंजीव नयन, डॉ. मुनमुन, डॉ. अतुल कुमार, डॉ. पवन राम सहित चिकित्सकीय टीम तथा एसजीवीएस के डॉ. अभिषेक मिश्रा एवं सहयोगियों ने स्वास्थ्य जांच और परामर्श दिया।
एमबीटी ट्रस्ट की टीम ने भी आयोजन में सहयोग किया।
डॉ. अंजीव नयन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य जांच से गंभीर बीमारियों की समय रहते पहचान संभव है।
डॉ. अभिषेक मिश्रा ने स्वास्थ्य जागरूकता को समाज के विकास का आधार बताते हुए ऐसे शिविरों की आवश्यकता पर बल दिया।
विश्व हिंदू परिषद के जिला अध्यक्ष विनोद जायसवाल ने कहा कि सेवा संगठन की पहचान है और भविष्य में भी शिक्षा, स्वास्थ्य व सामाजिक उत्थान से जुड़े कार्यक्रम जारी रहेंगे। जिला उपाध्यक्ष विकास मिश्रा ने चिकित्सकों एवं सहयोगी संस्थाओं का आभार व्यक्त किया।
कर्मवीर महतो ने बताया कि सेवा सप्ताह के तहत आयोजित शिविर का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लोगों तक निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आगे भी रक्तदान, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण जैसे जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में उमेश मांझी, अभय साहू, अभिषेक साहू, श्रीकांत कश्यप, अविनाश मांझी सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने योगदान दिया।









