jh-pustak-parikarma-bus-reached-dnb-with-the-world

किताबों की दुनिया लेकर धनबाद पहुंची पुस्तक परिक्रमा बस, युवाओं में पढ़ने की संस्कृति बढ़ाने की पहल

धनबाद, 28 जून । भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के तहत संचालित बिहार-झारखंड पुस्तक परिक्रमा अभियान की चलंत पुस्तकालय बस रविवार को धनबाद पहुंच गई। पढ़ने की संस्कृति को बढ़ावा देने और बच्चों व युवाओं को पुस्तकों से जोड़ने के उद्देश्य से शुरू किया गया यह अभियान 30 जून तक धनबाद जिले के अलग-अलग शैक्षणिक और सार्वजनिक स्थलों का भ्रमण करेगा। इसके बाद यह बस बोकारो के लिए रवाना होगी।

पुस्तक परिक्रमा बस में हिंदी, मैथिली और अंग्रेजी भाषाओं की सैकड़ों किताबें उपलब्ध हैं। इसमें साहित्य, बाल साहित्य, विज्ञान, इतिहास, संस्कृति, व्यक्तित्व विकास, प्रेरक साहित्य और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण पुस्तकें शामिल हैं।

पुस्तक प्रेमियों और विद्यार्थियों ने इस पहल का स्वागत किया है। उनका कहना है कि किताबें सिर्फ ज्ञान का माध्यम नहीं बल्कि विचार और व्यक्तित्व निर्माण का भी मजबूत आधार हैं। डिजिटल युग में जहां मोबाइल और इंटरनेट के कारण पढ़ने की आदत कम होती जा रही है, वहीं यह अभियान लोगों को फिर से पुस्तकों की ओर आकर्षित करने का काम कर रहा है।

इस चलंत पुस्तकालय में पाठक अपनी पसंद की किताबों का निःशुल्क अध्ययन कर सकते हैं। वहीं पुस्तक खरीदने की सुविधा भी उपलब्ध है। आम पाठकों को पुस्तकों की खरीद पर 10 प्रतिशत तक की छूट दी जा रही है, जबकि विद्यार्थियों और शिक्षकों को 25 प्रतिशत तक विशेष छूट का लाभ मिलेगा।

अभियान का उद्देश्य समाज में पठन-पाठन की संस्कृति को मजबूत करना और नई पीढ़ी को किताबों की दुनिया से जोड़ना है। सोमवार को यह पुस्तक परिक्रमा बस एसएसएलएनटी महिला कॉलेज के पास पहुंचेगी, जहां छात्र-छात्राएं और पुस्तक प्रेमी इसका लाभ उठा सकेंगे।