मुख्यमंत्री योगी का आगरा दौरा- समीक्षा बैठक में मेट्रो परियोजना व एयरपोर्ट का काम अक्तूबर तक पूरा करने के दिए निर्देश
आगरा , 28 जून । मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज आगरा पहुंचे और मंडलायुक्त सभागार में पीडब्ल्यूडी और जिले के शीर्ष अधिकारियों के साथ मीटिंग कर विकास कार्यों की समीक्षा करते हुए अवैध खनन, आगरा मेट्रो परियोजना, आगरा एयरपोर्ट और ग्रामीण सड़कों की स्थिति को लेकर कड़े निर्देश दिए।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने आगरा मेट्रो और एयरपोर्ट का काम इसी वर्ष अक्तूबर तक पूरा करने को कहा ताकि इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं के उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री से समय लिया जा सके,उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में हीला हवाली जानबूझकर तालमटोल और लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अवैध खनन को लेकर मुख्यमंत्री का रुख कड़ा नजर आया, उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध खनन को कड़ाई से रोका जाए और इसमें लिप्त लोगों के विरुद्ध अभियोग पंजीकृत कर तुरंत जेल भेजें। अवैध खनन करने वाले अपने अवैध आर्थिक लाभ के लिए समाज का बहुत नुकसान करते हैं जो सड़के 5 टन सहन करने के हिसाब से बनाई गई हैं उन पर अवैध खनन करने वाली कई गुना टन वाहनों में ले जाकर सड़कों को क्षतिग्रस्त करते हैं,सड़कों की मरम्मत का खर्चा ऐसे लोगों के वाहन जप्त कर वसूला जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने उन विभागों और कार्यदायी संस्थाओं/ एजेंसियों के प्रति भी अपना कड़ा रुख स्पष्ट किया जो सड़कों को खोदकर डाल देते हैं और उसकी खैर खबर नहीं लेते मुख्यमंत्री ने साफ शब्दों में कहा कि ऐसे विभागों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए।सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए जिससे कि जनता को खराब सड़कों और अधूरे विकास कार्यों का खामियाजा नहीं भुगतना पड़ेगा।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बैठक में पीडब्लूडी सचिव अजय चौहान को भी निर्देश दिए कि वह जनप्रतिनिधियों द्वारा दिए गये विकास कार्यों के प्रस्ताव की समीक्षा कर उन पर शीघ्र कार्रवाई करें, जिससे इन कार्यों को स्वीकृति मिलते ही इन पर अमल शुरू हो सके और जल्दी से जल्दी निर्माण कार्य एवं विकास कार्यों की सुविधा आम जनमानस तक पहुंच सके। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि विकास परियोजनाओं को समय से पूरा करने के साथ-साथ परियोजना के निर्माण कार्य में लगने वाली सामग्री की गुणवत्ता पर भी अपना प्रशिक्षण रखें गुणवत्ता के साथ कोई भी समझौता न किया जाए क्योंकि सड़क, पुल, मेट्रो और एयरपोर्ट जैसी परियोजनाएं प्रदेश की प्रगति की आधारशिला है इन्हे उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करना सभी संबंधित विभागों की जिम्मेदारी है।
उन्हाेंने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों में लापरवाही, भ्रष्टाचार और अवैध गतिविधियों के लिए प्रदेश सरकार इस जीरो टॉलरेंस की नीति है, विकास परियोजनाओं को समय से पूरा करना, उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करना और आम जनमानस के लिए उन्हें समय से उपलब्ध कराना प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है। बैठक में आगरा मंडल में आने वाले जनपदों आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद और मैनपुरी के सांसद, विधायकों, मंत्रियों के अलावा मंडलायुक्त और सभी जिलों के जिलाधिकारी और लोक निर्माण विभाग के उच्च अधिकारी मौजूद रहे।









