गुरुग्राम: आर्टेमिस अस्पताल में महिला नर्सिंग ऑफिसर से मारपीट
गुरुग्राम, 25 जून । आर्टेमिस अस्पताल में एक नर्सिंग ऑफिसर के साथ मारपीट और बदसलूकी का मामला सामने आया है। इस घटना की सूचना पर हिंदू संगठनों के पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने खूब बवाल काटा और आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग की। सूचना पाकर सेक्टर-50 थाना से पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति नियंत्रित की। आरोपी के खिलाफ केस भी दर्ज किया गया है।
जानकारी के अनुसार आर्टेमिस अस्पताल में कार्यरत एक नर्सिंग ऑफिसर ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि अस्पताल में ही काम करने वाला एक युवक लंबे समय से उसके साथ अभद्र व्यवहार कर रहा था। कई बार चेतावनी के बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आया। नर्सिंग ऑफिसर का आरोप है कि विवाद बढऩे पर युवक ने अस्पताल परिसर में उसे थप्पड़ भी मारा। इस घटना की सूचना पाकर हिंदू संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता और पदाधिकारी अस्पताल पहुंचे। अस्पताल प्रबंधन से आरोपी को अपने हवाले करने की मांग की। माहौल तनावपूर्ण होने पर अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी।
मौके पर पहुंचे धर्माचार्य अरुण कृष्ण महाराज और हिंदू वाहिनी से जुड़े दिनेश भारती ने पीडि़त नर्सिंग ऑफिसर के समर्थन में आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने लोगों को समझाकर शांत कराया और कानून व्यवस्था बनाए रखी। सेक्टर-50 थाना पुलिस ने पीडि़ता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। नर्सिंग ऑफिसर को मेडिकल जांच के लिए नागरिक अस्पताल भेजा गया। थाना प्रभारी सुखबीर सिंह ने गुरुवार को बताया कि मामला अस्पताल के कर्मचारियों के बीच आपसी विवाद से जुड़ा है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









