ex-mla-birthday-clean-up-drive-raigarh

जननेता रोशन लाल अग्रवाल की जयंती पर स्वच्छता अभियान

रायगढ़ , 20 जून ।जननेता पूर्व विधायक स्वर्गीय रोशन लाल अग्रवाल की जयंती के अवसर पर आज कमलम परिवार द्वारा शहर के मंदिर चौक क्षेत्र में वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान बड़ी संख्या में समर्थक और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान समर्थकों ने हाथों में झाड़ू लेकर श्रमदान किया और क्षेत्र की सफाई की। इस अवसर पर पूरा वातावरण “रोशन भैया अमर रहें” के नारों से गूंज उठा। स्वच्छता अभियान गौरी शंकर मंदिर चौक से अग्रोहा भवन तक चलाया गया, जिसमें कार्यकर्ताओं ने सड़क, नाली एवं सार्वजनिक स्थलों की सफाई की।

कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि पूर्व विधायक एवं जननेता स्व. रोशन लाल अग्रवाल का स्वच्छता के प्रति विशेष योगदान रहा है। डेंगू संकट के दौरान उन्होंने स्वयं मैदान में उतरकर शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाई थी। कार्यकर्ताओं ने उनके कार्यों को याद करते हुए कहा कि उनकी जनसेवा और समाजहित की सोच आज भी प्रेरणादायक है। अभियान के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

कार्यक्रम में महापौर जीवर्धन चौहान, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सुषमा खलखो, गौतम अग्रवाल, गुरविंदर घई, पंकज कंकरवाल, मनीष सोलंकी, हरि सराफ सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

स्वच्छता अभियान के माध्यम से कमलम परिवार ने जननेता रोशन लाल अग्रवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सेवा और स्वच्छता के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।