mp-annapurna-devi-review-meeting

केन्द्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने इंदौर में महिला एवं बाल विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की

इंदौर, 15 जून । केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने सोमवार को मध्य प्रदेश के इंदौर में गोम्मटगिरी स्थित सावित्रीबाई फुले राष्ट्रीय महिला एवं बाल विकास संस्थान में विभागीय योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की।

उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक कर आंगनवाड़ी, पोषण अभियान, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ सहित केंद्र सरकार की विभिन्न प्रमुख योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली। बैठक में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास से संबंधित नई पहलों पर भी विस्तृत चर्चा की गई।

इस अवसर पर केन्द्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि इंदौर स्थित यह संस्थान मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़ और गुजरात के लिए एक महत्वपूर्ण प्रशिक्षण केंद्र के रूप में कार्य कर रहा है। यहां महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के तीन प्रमुख मिशन- मिशन सक्षम आंगनवाड़ी एवं पोषण 2.0, मिशन शक्ति तथा मिशन वात्सल्य से जुड़े हितधारकों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन विकसित भारत के अनुरूप आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं, पर्यवेक्षकों, बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी), किशोर न्याय बोर्ड (जेजेबी), जिला बाल संरक्षण इकाइयों तथा वन स्टॉप सेंटरों के कार्मिकों को समय-समय पर प्रशिक्षण देकर उनकी कार्यक्षमता को सुदृढ़ बनाया जा रहा है।

केंद्रीय मंत्री ने बताया कि संस्थान प्रशिक्षण के साथ-साथ शोध एवं मूल्यांकन के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है। विभिन्न योजनाओं के प्रभावों का अध्ययन कर उनके बेहतर क्रियान्वयन के लिए सुझाव तैयार किए जाते हैं। वर्तमान में महाराष्ट्र, गुजरात और छत्तीसगढ़ सहित विभिन्न राज्यों से आए प्रशिक्षणार्थी यहां प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं।

अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि वैज्ञानिक अध्ययनों के अनुसार छह वर्ष की आयु तक बच्चों के मस्तिष्क का लगभग 85 प्रतिशत विकास हो जाता है। ऐसे में गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं तथा शून्य से छह वर्ष तक के बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य एवं प्रारंभिक शिक्षा पर विशेष ध्यान देना अत्यंत आवश्यक है। इसी दृष्टिकोण के साथ सरकार निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि पोषण माह और पोषण पखवाड़ा जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से जनभागीदारी बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

बैठक में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, इंदौर सांसद शंकर लालवानी सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर संस्थान परिसर में मंत्रीगणों ने पौधरोपण भी किया।