jh-fire-train-koderma

परसाबाद स्टेशन पर कोसी एक्सप्रेस के दो डिब्बों में लगी आग

कोडरमा, 04 जून । धनबाद कोडरमा रेलखंड के परसाबाद स्टेशन पर गुरुवार को हटिया से पटना जा रही 18626 हटिया-पटना कोसी सुपर एक्सप्रेस के एक जनरल और एक स्लीपर कोच के निचले हिस्से में आग लगने और धुआं निकलने से अफरातफरी मच गई।

घटना गुरुवार सुबह लगभग 11.20 बजे की है। ट्रेन के स्टेशन पहुंचते ही लोगों ने डिब्बों के नीचे से तेज धुआं निकलता देखा। उस समय कई यात्री स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही कोसी सुपर एक्सप्रेस प्लेटफॉर्म-2 पर पहुंची, यात्रियों की नजर कोच के निचले हिस्से से निकल रहे धुएं और आग पर पड़ी। इसके बाद वहां हो-हल्ला शुरू हो गया।

यात्रियों और स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी। सूचना मिलते ही रेलकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाना शुरू कर दिया। अग्निशमन उपकरणों की मदद से कुछ देर में आग पर काबू पा लिया गया। समय रहते आग बुझा दिए जाने से बड़ा हादसा टल गया। इस दौरान ट्रेन करीब आधे घंटे तक परसाबाद स्टेशन पर खड़ी रही। सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद ट्रेन को आगे के लिए रवाना कर दिया गया।