jh-farmer-dies-suspicius-circumstance

किसान की संदिग्ध हालत में मौत, लू लगने की आशंका

पूर्वी सिंहभूम, 24 मई । जिले के पोटका प्रखंड में भीषण गर्मी के बीच एक किसान की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरूआती तौर पर आशंका जताई जा रही है कि किसान की जान लू लगने से गई है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।

मृतक की पहचान पोड़ाडीह पंचायत अंतर्गत मटियाल गांव निवासी मोहन सरदार (३०) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मोहन सरदार रविवार को हल्दीपोखर साप्ताहिक हाट गए थे। बाजार से वापस घर लौटने के दौरान लगुरासाई गांव के पास अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वे सड़क किनारे एक पेड़ के नीचे जाकर लेट गए, जहां कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलने पर कोवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया। भीषण गर्मी को देखते हुए रविवार को ही शव का पोस्टमार्टम कराया गया।

कोवाली थाना प्रभारी सन्नी टोप्पो ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। वहीं जिले में अब तक लू से ०५ लोगों के मौत होने की जानकारी दी जा रही है।