बीजापुर में 6 मई को ग्राम पंचायत ईटपाल से शुरू होगा सुशासन तिहार
बीजापुर, 04 मई । छत्तीसगढ़ में आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण के लिए ‘‘सुशासन तिहार 2026‘‘ की शुरुआत 1 मई से 10 जून 2026 तक प्रदेशभर में चलाया जा रहा है, जिसके तहत ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर जन समस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जाएगा तथा शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। सुशासन तिहार के लिए प्रशासन द्वारा विभिन्न वार्डों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
बीजापुर जिले में सुशासन तिहार के लिए प्रशासन द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार तरह ग्रामीण क्षेत्रों में 6 मई को ईटपाल में, 12 मई को गंगालूर, 25 मई को नैमेड़, 14 मई को मिरतुर, 24 मई को कुटरू, 29 मई को भैरमगढ़, 7 मई को पूजारी कांकेर, 22 मई को हीरापुर, 28 मई को धरमारम, 11 मई को भद्रकाली, 18 मई को पामगल एवं 30 मई को वरदली में आयोजित होगी।
इसी तरह नगरीय निकाय क्षेत्र में 8 मई 2026 को बीजापुर के दुर्गा पंडाल वार्ड क्रमांक 11 में शिविर आयोजित होगा, 20 मई 2026 को सांस्कृतिक भवन बीजापुर में भी शिविर लगाया जाएगा। इसके अलावा 13 मई 2026 को भोपालपटनम स्थित शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला में तथा 21 मई 2026 को भैरमगढ़ में शिविरों का आयोजन किया जाएगा।
प्रत्येक शिविर के सफल संचालन के लिए संबंधित अधिकारियों को नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। शिविरों में राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य, स्वास्थ्य, विद्युत, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा समाज कल्याण विभाग से संबंधित सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। इनमें नामांतरण, सीमांकन, आय-जाति-निवास प्रमाण पत्र, मनरेगा भुगतान, आवास योजनाएं, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, बिजली एवं पेयजल समस्याओं का समाधान प्रमुख रूप से किया जाएगा।
प्रशासन द्वारा निर्देशित किया गया है, कि शिविरों में प्राप्त आवेदनों का अधिकतम 30 दिनों के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा प्रत्येक आवेदनकर्ता को जानकारी दी जाए। साथ ही शिविरों के व्यापक प्रचार-प्रसार, जनप्रतिनिधियों की सहभागिता और आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं। जिला प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है, कि वे इन शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं का समाधान कराएं और शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक संख्या में लाभ उठाएं।









