प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोक-कल्याणकारी नीतियों का परिणाम है जीत: गिरीश चंद्र यादव
जौनपुर, । उत्तर प्रदेश के जौनपुर में पश्चिम बंगाल समेत तीन राज्यों की चुनावी जीत पर जौनपुर में भी भाजपा कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है; सोमवार को कार्यकर्ताओं ने सीहीपुर स्थित जिला कार्यालय पर पटाखे फोड़कर और मिठाइयां तथा झालमुड़ी बांटकर खुशी जाहिर की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पार्टी का झंडा लहराते हुए जोरदार नारेबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया।
उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लोक-कल्याणकारी नीतियों और जनता के अटूट विश्वास का परिणाम है। उन्होंने कार्यकर्ताओं के उत्साह पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे पार्टी के लिए गर्व का क्षण बताया।
भाजपा नेताओं ने कहा कि पश्चिम बंगाल में पार्टी को मिला जनसमर्थन आगामी चुनावों के लिए नई ऊर्जा प्रदान करेगा। उन्होंने दावा किया कि जनता ने भाजपा की विचारधारा पर विश्वास जताते हुए समर्थन दिया है और आने वाले समय में पार्टी प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। नेताओं ने तीनों राज्यों की जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह जनादेश विकास और सुशासन के पक्ष में है।
उन्होंने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने पांच राज्यों में जाकर पार्टी के प्रचार-प्रसार में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, जिसके लिए वे धन्यवाद के पात्र हैं। विपक्ष पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि ईवीएम और संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाना विपक्ष की पुरानी आदत है, लेकिन इससे जनादेश पर कोई फर्क नहीं पड़ता। देश की जनता आज भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के साथ मजबूती से खड़ी है।——–









