युवा कार्तिक की तारीफ में गायकवाड़ बोले- उसमें हर परिस्थिति में ढलने की है काबिलियत
नई दिल्ली, 03 मई । चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) के कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने युवा खिलाड़ी कार्तिक शर्मा की तारीफ करते हुए कहा कि वह न सिर्फ बड़े शॉट लगा सकता है, बल्कि समझदारी से खेलते हुए हर परिस्थिति में खुद को ढाल सकता है। नंबर चार पर उसकी मौजूदगी टीम को बेहतर संतुलन देती है, जहां वह तेज गेंदबाजों और स्पिन दोनों के खिलाफ प्रभावी भूमिका निभा सकता है।
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 44वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने मुंबई इंडियंस (एमआई) पर आठ विकेट से जीत दर्ज की। सीएसके की जीत में 20 वर्षीय कार्तिक शर्मा की भी अहम भूमिका रही, जिन्होंने 4 चौके और तीन छक्के की मदद से 40 बॉल पर नाबाद 54 रन बनाए।
कप्तान रुतुराज गायकवाड़ ने मैच के बाद कहा, “हमने शुरुआत अच्छी की, लेकिन फिर कुछ ओवर में उन्होंने लय पकड़ी। उसके बाद हमने वापसी की। पावरप्ले के बाद हमने मैच को बहुत अच्छे से कंट्रोल में कर लिया। बस शुरुआती कुछ ओवरों को निकालने की बात थी और फिर यह पक्का करना था कि टॉप तीन बल्लेबाजों में से कोई एक आखिर तक टिका रहे और काम पूरा करे। बहुत अच्छा लग रहा है, एक मजबूत टीम के खिलाफ इतनी बड़ी जीत मिली है।
कार्तिक की पारी को लेकर गायकवाड़ ने कहा कि यह उसके और हमारे लिए भी आत्मविश्वास बढ़ाने वाला है। मुझे लगता है वह छक्के लगाने वाला बल्लेबाज है, लेकिन उसके पास दूसरा खेल भी है, जहां वह चुनकर गेंदों को खेलता है। हमने पिछले मैच से सोचा कि नंबर चार पर बल्लेबाजी करने से हमें वह संतुलन मिल सकता है, जहां वह तेज गेंदबाजों को अच्छी तरह से खेल सकता है और जरूरत पड़ने पर स्पिनरों का भी सामना कर सकता है और स्ट्राइक रोटेट भी कर सकता हैं। यह हमारे लिए एक अच्छा संकेत है। जैसा कि मिस्टर क्रिकेट (सीएसके बल्लेबाजी कोच माइक हसी) ने कहा था कि वह एक ऐसे खिलाड़ी है जो एक बार लय में आ जाए तो आने वाले वर्षों में हमें बहुत कुछ देगा।
कार्तिक शर्मा ने अपनी पारी को लेकर कहा कि मैं बस यही सोच रहा था कि मुझे आखिर तक रहना है और टीम लिए मैच खत्म करना है। रुतु भैया (रुतुराज गायकवाड़) ने बस मुझसे कहा कि जो गेम मुझे आता है, वही खेलो। बस वहां जाओ, अपना गेम खेलो और टीम को जिताने में मदद करो।









