om-birla-maharaja-agrasen-coll

ओम बिरला ने डीयू के महाराजा अग्रसेन कॉलेज में विद्यार्थियों को किया प्रेरित

नई दिल्ली, 23 अप्रैल । लोक सभा अध्यक्ष ओम बिरला ने गुरुवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के महाराजा अग्रसेन कॉलेज के वार्षिक समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और विद्यार्थियों को प्रेरित किया।

उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि परिश्रम, अनुशासन और निरंतर प्रयास ही सफलता की असली कुंजी है। उन्होंने युवाओं से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए मेहनत करने का आह्वान किया।

बिरला ने छात्रों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कॉलेज की प्रेरणादायी विकास यात्रा और उत्कृष्ट शैक्षणिक वातावरण की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि यह संस्थान आधुनिक शिक्षा का सशक्त केंद्र बनकर उभर रहा है।

लोकसभा अध्यक्ष ने शोध और नवाचार को विकसित भारत की बौद्धिक शक्ति का आधार बताते हुए ‘अब्दुल कलाम रिसर्च सेंटर’ जैसे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने युवाओं से कौशल विकास, उद्यमिता और ‘आत्मनिर्भर भारत’ के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास और जिम्मेदार नागरिकता को शिक्षा का अनिवार्य हिस्सा बताते हुए कहा कि विकसित भारत 2047’ के लक्ष्य को प्राप्त करने में युवाओं की निर्णायक भूमिका होगी।

उन्होंने महाराजा अग्रसेन के जीवन को प्रेरणास्रोत बताते हुए उनकी लोककल्याणकारी शासन व्यवस्था को आदर्श बताया। साथ ही सरदार वल्लभभाई पटेल के दूरदर्शी नेतृत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका व्यक्तित्व भारत के मजबूत संवैधानिक ढांचे की प्रेरणा है।

लोक सभा अध्यक्ष ने कहा कि भारत की संसदीय प्रणाली विश्व की श्रेष्ठ शासन पद्धतियों में से एक है और संविधान सभी के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने युवाओं से देश के महान महापुरुषों के जीवन, इतिहास और विचारों का अध्ययन करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि आज भारतीय युवाओं के पास वैश्विक स्तर पर नेतृत्व करने के अपार अवसर हैं। उन्होंने युवाओं को बड़े सपने देखने, नवाचार करने और भारत को वैश्विक मंच पर अग्रणी बनाने का संकल्प लेने के लिए प्रेरित किया।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि राजनीति से दूर रहकर देश का भला संभव नहीं है और अच्छे व योग्य लोगों को लोकतांत्रिक संस्थाओं में आकर सकारात्मक बदलाव लाना चाहिए।