जींद : चंडीगढ़ में होगी किसान महापंचायत : राकेश टिकैत
जींद, 21 अप्रैल । भाकियू के प्रदेश प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि किसानों की समस्याओं व मांगों को लेकर सरकार कुछ नही कर रही है। जल्द ही किसानों के आंदोलन को अगले चरण में ले जाते हुए चंडीगढ़ में महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। महापंचायत को लेकर सभी जानकारी समय-समय पर किसानों को उपलब्ध करवा दी जाएगी।
भाकियू के प्रदेश प्रवक्ता राकेश टिकैत मंगलवार को नई अनाज मंडी मार्केट कमेटी कार्यालय में पहुंचे और यहां पिछले 15 दिन से चल रहे अनिश्चितकालीन धरने को समाप्त करवाया। किसान नेता राकेश टिकैत ने कहा कि महापंचायत को लेककर जो भी निर्णय लिए जाएंगे, उसके बारे में किसानों को अवगत करवा दिया जाएगा। इसके बाद उन्होंने धरना स्थल पर बनी 10 सदस्यीय कमेटी के साथ बंद कमरे में लगभग आधे घंटे तक रणनीतिक मंथन किया। बैठक के बाद मंच से संबोधित करते हुए टिकैत ने कहा कि अब समय आ गया है कि किसान अपने आंदोलन को और मजबूत करते हुए चंडीगढ़ की ओर कूच करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि महापंचायत की तिथि की औपचारिक घोषणा जल्द की जाएगी। जबकि संकेत देते हुए 27 मई को बड़ी बैठक का कोडवर्ड भी साझा किया।
टिकैत ने किसानों को निर्देश दिए कि चंडीगढ़ कूच से पहले प्रदेश के सभी जिलों में बैठकें आयोजित कर रणनीति तैयार की जाए ताकि अधिक से अधिक किसान इस आंदोलन से जुड़ सकें। टिकैत ने कहा कि यदि चंडीगढ़ जाते समय कहीं भी पुलिस किसानों को रोकती है तो किसान वहीं अपना डेरा डालकर धरना शुरू कर देंगे। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि किसानों की मांगों को लेकर संवाद की प्रक्रिया स्पष्ट नहीं है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री से मिलने के लिए समय मांगा गया था लेकिन उचित समय और स्थान को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं की गई। इस अवसर पर भाकियू के जिलाध्यक्ष बिंद्र नंबरदार, महासचिव राजेंद्र पहलवान, रामराजी ढुल, सतेंद्र कोथ, गुरनाम, प्रकाश लोहान, जयबीर, जोगिंद्र नैन, अजमेर और सुरेश कोथ मौजूद रहे।









