सेवानिवृत्त होने वाले पुलिसकर्मियों के लिए दिल्ली पुलिस की पहल, ‘लाइफ आफ्टर रिटायरमेंट’ कार्यशाला आयोजित
नई दिल्ली, 21 अप्रैल । दिल्ली पुलिस ने सेवानिवृत्ति के करीब पहुंच रहे पुलिसकर्मियों के लिए एक विशेष पहल करते हुए ‘लाइफ आफ्टर रिटायरमेंट’ विषय पर दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया। इस कार्यशाला का समापन मंगलवार को पुलिस मुख्यालय स्थित आदर्श ऑडिटोरियम में पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा ने किया। दिल्ली पुलिस अकादमी द्वारा पहली बार आयोजित इस कार्यशाला में मार्च, अप्रैल और मई में रिटायर होने वाले विभिन्न रैंक के 700 से अधिक पुलिसकर्मियों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के बाद के जीवन के लिए मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से तैयार करना था।
इस मौके पर पुलिस आयुक्त सतीश गोलछा ने कहा कि सेवानिवृत्ति जीवन का एक बड़ा बदलाव होता है। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मियों को सेवा के शुरुआती दौर से ही वित्तीय योजना पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने सेवानिवृत्त होने वाले कर्मियों को सक्रिय, स्वस्थ और सामाजिक रूप से जुड़े रहने की सलाह दी। कार्यशाला की शुरुआत 13 अप्रैल को स्पेशल सीपी (क्राइम) देवेश चंद्र श्रीवास्तव और स्पेशल सीपी (ट्रेनिंग) संजय कुमार की उपस्थिति में हुई थी। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को स्वास्थ्य, मानसिक संतुलन, वित्तीय योजना, निवेश और जीवन प्रबंधन जैसे अहम विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
पुलिस उपायुक्त रोहित राजबीर सिंह के अनुसार कार्यशाला में सेबी, यूटी सिविल सर्विसेज और एम्स के विशेषज्ञों ने भाग लेकर पुलिसकर्मियों को वित्तीय सुरक्षा, स्वास्थ्य देखभाल और बेहतर जीवनशैली के बारे में जागरूक किया। वित्तीय सत्र में विशेषज्ञों ने बजट बनाना, निवेश के विकल्प, म्यूचुअल फंड, बॉन्ड, एनएससी और शेयर बाजार की जानकारी दी। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को होने वाले साइबर और वित्तीय धोखाधड़ी से बचाव के उपाय भी बताए गए।पुलिस उपायुक्त ने बताया कि यूटीसीएस के विशेषज्ञों ने पेंशन, ग्रेच्युटी और सेवानिवृत्ति के बाद मिलने वाले अन्य लाभों के नियमों की जानकारी दी। एक्सिस बैंक के अधिकारियों और सेवानिवृत्त पुलिसकर्मियों ने रिटायरमेंट के बाद रोजगार के अवसरों और पुनर्नियुक्ति के विकल्पों पर चर्चा की। एम्स के डॉक्टरों ने स्वास्थ्य और जीवनशैली प्रबंधन पर जानकारी देते हुए उम्र से जुड़े बदलाव, सही खानपान और फिट रहने के तरीकों पर प्रकाश डाला।









