पंचायत एवं नगरीय निकाय उप-निर्वाचन हेतु रिटर्निंग अधिकारियों की हुई नियुक्ति
जगदलपुर, 20 अप्रैल । छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा वर्ष 2026 में होने वाले पंचायत उप निर्वाचन एवं नगरीय निकाय उप-निर्वाचनों की घोषणा के साथ ही बस्तर जिले में निर्वाचन संबंधी तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में साेमवार काे कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आकाश छिकारा द्वारा आदेश जारी करते हुए नगर पालिक निगम जगदलपुर के अंतर्गत रिक्त वार्ड क्रमांक-16 में पार्षद पद के चुनाव को संपन्न कराने हेतु प्रमुख अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस संबंध में जारी आदेश के अनुसार वार्ड क्रमांक-16 के लिए अपर कलेक्टर चन्द्रिका प्रसाद बघेल को रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है, जो संपूर्ण चुनावी प्रक्रिया के पर्यवेक्षण और सफल क्रियान्वयन के लिए उत्तरदायी होंगे। उनके सहयोग के लिए सहायक अधीक्षक (भू-अभिलेख) बृजभूषण देवांगन को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर की जिम्मेदारी दी गई है। यह नियुक्तियां छत्तीसगढ़ नगरपालिका निर्वाचन नियम 1994 के सुसंगत प्रावधानों के तहत की गई हैं, ताकि मतदान से लेकर मतगणना तक की प्रक्रिया संपन्न किया जा सके।
वहीे बस्तर जिले में पंचायत पदाधिकारियों के रिक्त पदों को भरने के लिए प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आकाश छिकारा द्वारा आदेश जारी कर पंचायत उप निर्वाचन संपन्न कराने के लिए निर्वाचन अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी गई है। कलेक्टर द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के जगदलपुर, बस्तर, बकावंड, लोहंडीगुड़ा, तोकापाल और दरभा जैसे इलाकों के तहसीलदारों को पंचायत उप निर्वाचन हेतु रिटर्निंग ऑफिसर बनाया गया है। इनके साथ ही संबंधित जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को सहायक रिटर्निंग ऑफिसर के रूप में जिम्मेदारी दी गई है।









