कांग्रेस पार्टी को जनहित की मुद्दों से कोई सरोकार नहीं : नलिनीश ठोकने
रायपुर 16 अप्रैल । भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता नलिनीश ठोकने ने आज गुरुवार काे कांग्रेस के प्रदेश वर्तमान नेतृत्व को बौद्धिक रूप से दीवालिया और राजनीतिक पाखण्ड का जीता-जागता प्रमाण बताया है।
उल्लेखनीय है कि छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी को देखते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व वाली प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेशभर की शालाओं में ग्रीष्मावकाश की घोषणा के लगभग डेढ़ घण्टे के बाद कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज की ओर से की गई ग्रीष्मावकाश की मांग के मद्देनजर कांग्रेस पर करारा कटाक्ष करते हुए ठोकने ने कहा कि छत्तीसगढ़ की जनता के हितों से पूरी तरह कट चुकी कांग्रेस अब केवल कागजों और सोशल मीडिया पर अपनी प्रासंगिकता खोजने की असफल कोशिश कर रही है।
भाजपा प्रदेश प्रवक्ता ठोकने ने कहा कि छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए प्रदेश के संवेदनशील मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने छात्र-छात्राओं के हित में दोपहर 2ः40 बजे अपने आधिकारिक हैंडल से स्कूलों में 20 अप्रैल से ग्रीष्मकालीन अवकाश की घोषणा कर दी थी। लेकिन आश्चर्य की बात यह है कि इसके करीब डेढ़ घंटे बाद, शाम 4ः05 बजे, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष बैज उसी भीषण गर्मी का हवाला देते हुए स्कूलों में छुट्टी की मांग कर रहे हैं।
ठोकने ने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी अब इतनी अप्रासंगिक हो चुकी है कि उन्हें सरकार द्वारा लिए गए बड़े निर्णयों की जानकारी तक नहीं रहती। जब निर्णय लागू हो चुका होता है, तब ये अपनी कागजी सक्रियता दिखाने के लिए मांग पत्र जारी करते हैं। ठोकने ने कहा कि मुख्यमंत्री के फैसले के बाद वैसी ही मांग करना यह दर्शाता है कि कांग्रेस के पास न तो कोई अपना विजन है और न ही वे जमीनी हकीकत से वाकिफ हैं। कांग्रेस का जनहित के मुद्दों से कभी कोई सरोकार नहीं रहा।









