ambedkars-135th-birth-anniver-

अम्बेडकर जयंती पर राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री ने दी बड़ी सौगातें

जयपुर, 14 अप्रैल । संविधान निर्माता भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र पर कार्य करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का उजियारा पहुंचा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बाबा साहेब की शिक्षा और दृष्टिकोण डबल इंजन सरकार की कार्यप्रणाली की बुनियाद है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का सबसे अधिक लाभ पिछड़े और वंचित वर्गों को मिल रहा है। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे बाबा साहेब के सिद्धांतों को आत्मसात कर राष्ट्र निर्माण में अपनी भागीदारी निभाएं।

मुख्यमंत्री ने समारोह में नगरीय क्षेत्रों में 200 अंबेडकर ई-लाइब्रेरी स्थापित करने तथा मूंडला (जयपुर) स्थित अंबेडकर पीठ में आवासीय कोचिंग केंद्र शुरू करने की घोषणा की।

इसके साथ ही उन्होंने पेंशन एवं पालनहार योजना के लाभार्थियों को डीबीटी के माध्यम से 1,363 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की। कार्यक्रम में 10 छात्रावास भवनों का लोकार्पण, 17 भवनों का शिलान्यास और जामडोली स्थित स्वयंसिद्धा परिसर में लाइब्रेरी का वर्चुअल उद्घाटन किया गया। साथ ही एआई आधारित ‘हेल्प डेस्क समाधान साथी’ का शुभारंभ भी किया गया।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अनुसूचित जाति उत्तर मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना के तहत 292 करोड़ रुपये खर्च कर 3.75 लाख विद्यार्थियों को लाभान्वित किया गया है, जबकि अनुसूचित जनजाति छात्रवृत्ति योजना में 534 करोड़ रुपये से 3.21 लाख विद्यार्थियों को सहायता दी गई है। अति पिछड़ा वर्ग के 1.62 लाख विद्यार्थियों को भी योजना का लाभ मिला है।

उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन को बढ़ाकर 1,450 रुपये किया गया है तथा विभिन्न योजनाओं के माध्यम से प्रदेश में अंत्योदय की भावना के साथ विकास कार्य किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार बाबा साहेब के विजन को साकार करते हुए वंचित वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर कार्य कर रही है।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी, डॉ. प्रेमचंद बैरवा, संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल, राज्यमंत्री झाबर सिंह खर्रा, हीरालाल नागर, संजय शर्मा, मुख्य सचेतक जोगेश्वर गर्ग, सांसद मंजू शर्मा, विधायक गोपाल शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।