sushil-mishra-surguja-champion-chess

अंबिकापुर : शतरंज की बिसात पर छाए सुशील मिश्रा, सरगुजा चैंपियनशिप का खिताब किया अपने नाम

अंबिकापुर, 14 अप्रैल । सरगुजा जिले के पॉलिटेक्निक कॉलेज, अंबिकापुर में आयोजित शतरंज प्रतियोगिता में रोमांचक मुकाबलों के बीच सीतापुर निवासी शिक्षक सुशील मिश्रा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सरगुजा चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम कर लिया। आल इंडिया चेस फेडरेशन और छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ के दिशा-निर्देश में सीमा वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में देशभर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया, जिससे मुकाबला बेहद प्रतिस्पर्धात्मक रहा।

चार दिनों तक चले ऑल इंडिया फिडे रेटिंग शतरंज टूर्नामेंट में सुशील मिश्रा ने आठ में से छह राउंड जीतकर नॉन-रेटेड वर्ग में सर्वाधिक अंक हासिल किए और विजेता बने। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर उन्हें सरगुजा चैंपियन घोषित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने उन्हें विजेता ट्रॉफी और नगद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

सुशील मिश्रा का यह पहला बड़ा खिताब नहीं है। इससे पहले वर्ष 2023 में भी वे ऑल इंडिया सिविल सर्विसेज शतरंज प्रतियोगिता में राज्य स्तर पर चयनित होकर भुवनेश्वर (ओडिशा) में आयोजित राष्ट्रीय टूर्नामेंट में छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इस प्रतियोगिता में कुल 302 खिलाड़ियों ने भाग लिया, जिनमें 244 पुरुष और 57 महिला खिलाड़ी शामिल थीं। अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों की मौजूदगी ने प्रतियोगिता को और भी रोमांचक बना दिया।

सुशील मिश्रा की इस उपलब्धि से उनके परिवार, नगर और शिक्षा जगत में खुशी का माहौल है, वहीं क्षेत्र के उभरते खिलाड़ियों को भी नई प्रेरणा मिली है।