national-monastery-and-temple-

राष्ट्रीय मठ मंदिर संघ महाधिवेशन में गूंजे मंदिर सुरक्षा के मुद्दे

जयपुर, 12 अप्रैल । राष्ट्रीय मठ मंदिर संघ द्वारा जयपुर में रविवार काे महाधिवेशन का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न मठ-मंदिरों के महंत, पुजारी एवं संगठन के पदाधिकारियों ने भाग लेकर धार्मिक एवं सामाजिक विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में विधायक गोपाल शर्मा उपस्थित रहे।

महाधिवेशन का आयोजन संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष हनुमान सहाय शर्मा एवं प्रदेश अध्यक्ष राम पंडा के मार्गदर्शन में किया गया। इस दौरान संगठन की भावी योजनाओं और मठ-मंदिरों से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई।

कार्यक्रम में बताया गया कि संघ चार प्रमुख विषयों पर निरंतर कार्य कर रहा है—मठ एवं मंदिरों की सुरक्षा सुनिश्चित करना, पुजारियों व महंतों की सुरक्षा, मंदिरों की भूमि की रक्षा तथा माफी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराना।

महाधिवेशन में संगठन की महिला विंग का गठन कर विभिन्न पदों पर नियुक्तियां की गईं। महिला विंग महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा के साथ ही प्रताड़ित महिलाओं को न्याय दिलाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगी।

इस अवसर पर पदाधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय मठ मंदिर संघ समाज और धर्म से जुड़े मुद्दों पर निरंतर कार्य करता रहेगा तथा मठ-मंदिरों की सुरक्षा और सम्मान के लिए संगठन को और सशक्त बनाया जाएगा।