शाहदरा दक्षिण जोन में टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत निःशुल्क स्क्रीनिंग और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
नई दिल्ली, 10 अप्रैल । शाहदरा दक्षिण जोन, दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) कार्यालय में “टीबी मुक्त भारत अभियान” के तहत शुक्रवार को जागरूकता एवं निःशुल्क टीबी स्क्रीनिंग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों और आमजन को टीबी के प्रति जागरूक करना तथा समय पर जांच और उपचार के लिए प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ वार्ड कमेटी चेयरमैन राम किशोर शर्मा ने किया, जबकि डिप्टी कमिश्नर वैरोकपम पुंशीबा सिंह ने इसकी अध्यक्षता की। जिला मजिस्ट्रेट (पूर्वी) इस अवसर पर विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस दौरान निःशुल्क डिजिटल चेस्ट एक्स-रे, स्पुटम जांच, ब्लड शुगर टेस्ट सहित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई गईं, जिनका बड़ी संख्या में कर्मचारियों और नागरिकों ने लाभ उठाया। विशेषज्ञों ने बताया कि टीबी एक पूर्णतः उपचार योग्य बीमारी है और समय पर जांच एवं नियमित इलाज से इसे नियंत्रित किया जा सकता है।
कार्यक्रम में लोगों को टीबी के लक्षण, जांच प्रक्रिया और सरकार द्वारा उपलब्ध निःशुल्क उपचार सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी गई।
राम किशोर शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि टीबी एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से ठीक होने वाली बीमारी है और सामूहिक प्रयासों से ‘टीबी मुक्त भारत’ का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि जल्द ही शाहदरा दक्षिण जोन के सभी 26 वार्डों में ऐसे जागरूकता और जांच शिविर आयोजित किए जाएंगे।









