फिडे कैंडिडेट्स टूर्नामेंट 2026, राउंड 7: वैशाली की लगातार दूसरी जीत, प्रज्ञानानंद और दिव्या ने खेला ड्रॉ
नई दिल्ली, 06 अप्रैल । फिडे कैंडिडेट्स टूर्नामेंट 2026 के सातवें राउंड में भारत की ग्रैंडमास्टर आर वैशाली ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार दूसरी जीत दर्ज की। उन्होंने तान झोंगयी को हराकर सात राउंड में चार अंक हासिल कर लिए हैं और वह अंकतालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गई हैं। उनसे आगे अन्ना मुजिचुक 4.5 अंकों के साथ शीर्ष पर बनी हुई हैं।
वैशाली और झोंगयी के बीच मुकाबला मध्य खेल तक ड्रॉ की ओर बढ़ रहा था, लेकिन 36 से 38वीं चाल के दौरान झोंगयी की गलतियों (Rc6, Kg7, Ra1) का वैशाली ने पूरा फायदा उठाया। 38वीं चाल में Rxf6 खेलकर वैशाली ने एक प्यादा जीता और काले राजा की ओर रास्ता खोल दिया। इसके बाद Kxf6 चाल ने झोंगयी के राजा को और कमजोर कर दिया, जिसका फायदा उठाते हुए वैशाली ने शानदार तालमेल के साथ जीत दर्ज की।
वहीं, भारत की दिव्या देशमुख को कैटेरीना लाग्नो के खिलाफ ड्रॉ से संतोष करना पड़ा। मुकाबले के दौरान दिव्या ने बेहतर स्थिति हासिल कर ली थी और रूक एंडगेम में जीत की ओर बढ़ रही थीं, लेकिन लगातार रूक चेक (Rd8–Rd7+–Rd8) दोहराने से लाग्नो को वापसी का मौका मिल गया। बाद में स्थिति संतुलित हो गई और मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
अन्य मुकाबलों में अन्ना मुजिचुक ने बिबिसारा असाउबायेवा के साथ ड्रॉ खेलकर अपनी बढ़त कायम रखी, जबकि झू जिनेर और अलेक्जेंड्रा गोरयाचकिना के बीच भी मुकाबला ड्रॉ रहा।
ओपन वर्ग में भारत के आर प्रज्ञानानंद ने फैबियानो कारुआना के खिलाफ जीत की कोशिश की, लेकिन अंततः मुकाबला तीन बार एक जैसी स्थिति (थ्रीफोल्ड रिपिटिशन) के चलते ड्रॉ रहा।
अन्य मुकाबलों में हिकारू नाकामुरा और मैथियास ब्लूबाम के बीच ड्रॉ हुआ। अनिश गिरी ने जावोखिर सिंदारोव की जीत की लय को रोकते हुए मुकाबला ड्रॉ कराया। हालांकि सिंदारोव 7 राउंड में 6 अंकों के साथ ओपन वर्ग में शीर्ष पर बने हुए हैं।
इसके अलावा, चीन के वेई यी ने आंद्रेई एसिपेंको को हराकर महत्वपूर्ण जीत दर्ज की।









