two-accused-arrested-includin

आगरमालवाः एमडी ड्रग्स सहित दो आरोपी गिरफ्तार

आगरमालवा, 05 अप्रैल । मध्य प्रदेश में अवैध मादक पदार्थों एवं शराब तस्करी के विरुद्ध पुलिस विभाग द्वारा चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत आगरमालवा जिले में पुलिस ने बड़ी कार्यवाही करते हुए एम.डी. ड्रग्स के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से कार एवं मोबाइल सहित कुल 25 लाख 30 हजार का मश्रुका भी जप्त किया गया है।

पुलिस के अनुसार, रविवार को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि जिले की बड़ौद की ओर से एक सिल्वर रंग की बलेनो कार क्रमांक आरजे-17-सीबी-9871 में दो व्यक्ति अवैध मादक पदार्थ एम.डी. ड्रग्स लेकर आगरमालवा की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना प्रभारी शशि उपाध्याय के नेतृत्व में तत्काल गठित की गई टीम द्वारा आगरमालवा-बड़ौद रोड स्थित न्यू मेघदूत ढाबा के सामने नाकाबंदी की गई। नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहन को रोककर नियमानुसार तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी प्रधानसिंह सोंधिया पुत्र गोवर्धनसिंह सोंधिया तथा नरेंद्रसिंह सोंधिया पुत्र लालसिंह सोंधिया दोनो निवासी ग्राम जयसिंहपुरा, पुलिस थाना बड़ौद जिला आगरमालवा के कब्जे से एक पारदर्शी पॉलिथीन में रखी 148 ग्राम एम.डी. ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी पुष्टि नारकोटिक्स टेस्ट किट से की गई। साथ ही वाहन एवं आरोपियों के कब्जे से तीन मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।

संपूर्ण कार्यवाही एनडीपीएस एक्ट के प्रावधानों के अनुसार की गई। जब्तशुदा मश्रुका में एम.डी. ड्रग्स 148 ग्राम, कीमत लगभग ₹15,00,000/-, एक बलेनो कार क्रमांक आरजे-17-सीबी-9871 कीमत लगभग ₹10,00,000/- तथा तीन मोबाइल फोन कीमत लगभग ₹30,000/- जप्त कर कोतवाली पुलिस थाना आगरमालवा पर अपराध क्रमांक 154/2026 धारा 08/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। आरोपियों से मादक पदार्थ के स्रोत एवं नेटवर्क के संबंध में पूछताछ की जा रही है।