फतेहाबाद : सांसद कोर्ट से दिए गए पानी की टैंकरों की खराब हालत पर सैलजा ने जताई नाराजगी
फतेहाबाद, 04 अप्रैल । सांसद कुमारी सैलजा ने अपने कोटे से गांव डूल्ट में दिए गए पानी के टैंकर की दयनीय हालत देखकर नाराजगी व्यक्त की है। उन्होंने पंचायती राज विभाग के माध्यम से दिए गए इन टैंकरों की गुणवत्ता पर सवाल उठाए। टोहाना के गांव डूल्ट में शनिवार को एक शादी समारोह में पहुंची सांसद सैलजा ने टैंकरों को देखकर नाराजगी जताई। इसके बाद सांसद सैलजा ने सोशल मीडिया पर लिखी पोस्ट में आरोप लगाया कि टैंकरों में पुराने टायरों का इस्तेमाल किया गया, जो जल्द ही फट गए। एक महीने के भीतर ही उनमें जंग लगने लगी, जिससे पानी का रिसाव हो रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि विभाग ने बिना किसी पूर्व सूचना के टैंकरों का वितरण किया गया और निर्धारित रंग की जगह अलग रंग का प्रयोग किया, जो कम समय में ही उड़ गया। कुमारी सैलजा ने कहा कि यह स्थिति सीधे तौर पर लापरवाही और जवाबदेही की कमी को उजागर करती है। उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता के हितों के साथ समझौता किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशासन को इस मामले पर जवाब देना होगा और अनियमितताएं बरतने वालों की जिम्मेदारी तय कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। गौरतलब है कि सिरसा लोकसभा से सांसद कुमारी सैलजा ने रविदास जयंती के उपलक्ष्य में गांव डूल्ट को एक पानी का टैंकर दिया था। यह टैंकर लगभग तीन महीने पहले 1 लाख 70 हजार रुपए की लागत से देने की घोषणा की गई थी, जिसके बाद विभाग द्वारा इसे उपलब्ध कराया गया। ग्रामीणों ने बताया कि विभाग ने लापरवाही बरती है और टैंकर में पुराने टायर लगाए गए थे, जिसके कारण वे फट गए। उन्होंने इस मामले की जांच के बाद उचित कार्रवाई की मांग की।इस मामले में पंचायत राज विभाग के कार्यकारी अभियंता देवेंद्र सिंह ने बताया कि यह टैंकर करीब तीन माह पूर्व एक लाख 70 हजार रुपए की लागत से खरीदा गया था। उन्होंने कहा कि यदि टायर पहले से खराब भेजे गए थे, तो उन्हें बदलवा दिया जाएगा, लेकिन यदि टायर अब फटे हैं, तो उन्हें बदलने का कोई प्रावधान नहीं है। रंग बदलने के संबंध में निर्देशों के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।









