तेजी और तकनीक का संतुलन ही सप्लाई चेन की ताकत : निदेशक
पूर्वी सिंहभूम, 19 मार्च । बदलती वैश्विक अर्थव्यवस्था में सप्लाई चेन अब केवल लॉजिस्टिक्स तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि यह कंपनियों की रणनीतिक क्षमता का अहम आधार बन चुकी है। गुरुवार को एक्सएलआरआइ–जेवियर स्कूल ऑफ मैनेजमेंट में आयोजित वार्षिक ऑपरेशंस एंड सप्लाई चेन कॉन्क्लेव क्लॉकस्पीड 6.0 में यह बात प्रमुखता से सामने आई कि भविष्य उन्हीं संगठनों का होगा, जो एजिलिटी (लचीलापन), सस्टेनेबिलिटी (स्थिरता) और तकनीक के बीच संतुलन स्थापित कर सकेंगे।
कार्यक्रम का उद्घाटन संस्थान के निदेशक फादर जॉर्ज सेबेस्टियन, एसजे ने किया। उन्होंने इंडस्ट्री और एकेडेमिया के बीच सहयोग को समय की आवश्यकता बताते हुए कहा कि वास्तविक सीख किताबों से अधिक व्यावहारिक चुनौतियों से मिलती है। उन्होंने इस वर्ष की थीम सिंक्रोनाइज्ड हॉरिज़न्स: इंटीग्रेटिंग एजिलिटी, सस्टेनेबिलिटी एंड टेक को अत्यंत प्रासंगिक बताया और कहा कि कंपनियों के सामने आज गति और स्थिरता के बीच संतुलन बनाना सबसे बड़ी चुनौती है।









