crime-branch-wanted-

हत्या के मामले में फरार आरोपित गिरफ्तार

नई दिल्ली, 14 मार्च । हत्या के मामले में फरार चल रहे एक आरोपित को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है। आरोपित ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस के अनुसार आरोपित काफी समय से फरार चल रहा था और उसकी तलाश की जा रही थी। पकड़े गए आरोपित की पहचान निखिल के रूप में हुई है।

क्राइम ब्रांच के पुलिस उपायुक्त पंकज कुमार के अनुसार क्राइम ब्रांच की एनआर-2 टीम ने पूठ खुर्द रोहिणी सेक्टर-34 से आरोपित को एक गुप्त

सूचना के आधार पर गिरफ्तार किया। वह थाना बवाना में दर्ज हत्या के एक मामले में वांछित था।

पुलिस के अनुसार आठ मार्च को बवाना थाना क्षेत्र में पूठ खुर्द स्थित राज वाटिका के पास एक व्यक्ति को गोली मारने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को स्कूटी के पास एक युवक गंभीर हालत में पड़ा मिला। उसकी पहचान पूठ खुर्द निवासी भूपेंद्र (24) के रूप में हुई। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने हत्या और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच की टीम को लगाया गया था। इसी दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपित निखिल रोहिणी इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में आरोपित ने बताया कि उसने अपने साथियों देवराज, सुमित और एक नाबालिग के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया था। देवराज की मृतक भूपेंद्र से पुरानी रंजिश थी, जिसके चलते बदला लेने के लिए गोली चलाई गई। इस मामले में नाबालिग आरोपित को पहले ही स्थानीय पुलिस पकड़ चुकी है, जबकि देवराज और सुमित अभी फरार हैं।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपित दसवीं तक पढ़ा है और पूठ खुर्द गांव का रहने वाला है। उसके पिता मजदूरी करते हैं। पुलिस फरार अन्य आरोपिताें की तलाश में छापेमारी कर रही है।