औरैया : राष्ट्रीय लोक अदालत में 21,775 वादों का निस्तारण
औरैया, 14 मार्च । उत्तर प्रदेश के औरैया जिले में शनिवार को जनपद न्यायालय, बाह्य न्यायालय बिधूना तथा विभिन्न राजस्व न्यायालयों और विभागों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। उच्च न्यायालय प्रयागराज के प्रशासनिक न्यायमूर्ति जितेन्द्र कुमार सिन्हा के निर्देशन तथा जनपद न्यायाधीश मयंक चौहान के कुशल नेतृत्व व निगरानी में कार्यक्रम संपन्न हुआ।
राष्ट्रीय लोक अदालत का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश मयंक चौहान, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय विवेक त्रिपाठी, पीठासीन अधिकारी एमएसीटी रजनीश कुमार, जिला बार एसोसिएशन अध्यक्ष इन्द्रपाल सिंह भदौरिया, रमेश कुमार सिंह, स्थाई लोक अदालत अध्यक्ष पारूल जैन तथा अपर जिला जज प्रथम विकास गोस्वामी ने दीप प्रज्वलित कर किया। इस दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के प्रभारी सचिव तारकेश्वरी प्रसाद सिंह सहित अन्य न्यायिक अधिकारियों ने सरस्वती प्रतिमा पर पुष्प अर्पित किए।
जनपद न्यायाधीश ने सभी न्यायिक अधिकारियों को अधिक से अधिक वादों का निस्तारण कर लोक अदालत को सफल बनाने के निर्देश दिए। साथ ही न्यायालय परिसर में लगे बैंकों के पंडालों तथा विभिन्न न्यायालयों का निरीक्षण भी किया।
प्रभारी सचिव तारकेश्वरी प्रसाद सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में कुल 21,775 वादों का निस्तारण किया गया। इसमें 12,25,99,712 रुपये के ऋण मामलों का निपटारा, 1,80,870 रुपये के अर्थदण्ड की वसूली तथा 2,44,53,064 रुपये का प्रतिकर प्रदान किया गया।
एमएसीटी पीठासीन अधिकारी द्वारा 94 क्लेम तय कर पीड़ितों को 2,34,07,500 रुपये का प्रतिकर दिया गया। परिवार न्यायालय ने 52 वाद, विद्युत अधिनियम से जुड़े 309 वाद तथा विभिन्न न्यायालयों में सैकड़ों मामलों का निस्तारण किया गया।
इसके अलावा राजस्व विभाग ने 9479, परिवहन विभाग ने 3080, नगर पालिका व नगर पंचायत ने 603, खंड विकास कार्यालय औरैया ने 414 तथा बैंकों ने 433 मामलों का निस्तारण किया। बैंकों द्वारा 12,20,21,550 रुपये की ऋण वसूली भी की गई।









