सुलतानपुर में बस परिचालक से 18 हजार की छिनैती
सुलतानपुर, 06 मार्च । उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के कोतवाली नगर में बस स्टेशन पर शुक्रवार भोर में एक बस परिचालक से बदमाशों ने रुपये से भरा बैग, मोबाईल आदि छीन लिया।
कानपुर से सुलतानपुर शुक्रवार की भोर मे पहुंची बस संख्या यूपी 78 केटी 2018 के परिचालक विनोद दुबे के साथ यह घटना सुबह लगभग छह बजे हुई। विनोद दुबे ने बताया कि जगदीशपुर से दो यात्री उनकी बस में बैठे थे। इन यात्रियों ने अपनी मजबूरी बताते हुए कहा था कि वे बस अड्डे पर बिरयानी की दुकान से पैसे लेकर उन्हें दे देंगे।
सुलतानपुर बस अड्डे से लगभग 100 मीटर आगे गोपालदास पुल के निकट बिरयानी की दुकान पर पहुंचने के बाद, बदमाशों ने परिचालक को एकांत में पाकर उनसे रुपयों से भरा बैग छीन लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने विनोद दुबे के साथ मारपीट की, उनके कपड़े फाड़ दिए और उनका मोबाइल भी छीन लिया।
लूटे गए बैग में लगभग 18 हजार रुपये नकद, मोबाइल फोन, टिकट मार्ग और ईटीएम मशीन मौजूद थी। घटना के बाद, विनोद दुबे ने पैदल भागकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने बाद में उनका मोबाइल फोन बरामद कर लिया।
परिचालक विनोद दुबे ने कोतवाली नगर में घटना की प्राथमिकी दर्ज करने के लिए तहरीर दी है। इस संबंध में नगर कोतवाल संदीप राय ने बताया कि मामले की जांच पड़ताल की जा रही है और जांच के आधार पर विधिक कार्यवाही की जाएगी। विनोद दुबे सुल्तानपुर डिपो में कार्यरत हैं और अयोध्या जिले के ग्राम नेचारा के निवासी हैं।
स्टेशन इंचार्ज, नान्हूराम सरोज ने बताया कि “हमारी गाड़ी कानपुर से सुल्तानपुर आ रही थी। दो यात्री जगदीशपुर से सुल्तानपुर के लिए बैठे थे उन्होंने कंडक्टर को झांसे में लेकर सब्जी मंडी के अंदर ले जाकर मारपीट की और बैग छीन लिया। बैग में करीब 18 हजार रुपये, एटीएम और टिकट मशीन थी।”









