jh-holi-milan-in-birsa-college

विद्यार्थी परिषद ने बिरसा कॉलेज में मनाया होली मिलन समारोह

खूंटी, 02 मार्च । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, बिरसा महाविद्यालय इकाई की ओर से सोमवार को महाविद्यालय परिसर में रंगोत्सव होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों तथा सामाजिक कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत और पुष्पांजलि अर्पण के साथ हुई।

मुख्य अतिथि के रूप में नव निर्वाचित नगर अध्यक्ष रानी टूटी उपस्थित रहीं। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और एकता का प्रतीक है। यह पर्व हमें आपसी मतभेद भुलाकर प्रेम और सद्भाव के साथ आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि युवा वर्ग समाज की दिशा तय करता है, इसलिए उन्हें शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी को भी समझना चाहिए।

विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ चंद्र किशोर भगत ने कहा कि शिक्षण संस्थान केवल पाठ्य ज्ञान देने का माध्यम नहीं, बल्कि संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण का केंद्र होता है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक कार्यक्रम विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को विकसित करते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन, संयम और मर्यादा के साथ पर्व मनाने का आह्वान किया और कहा कि शिक्षा ही जीवन को सही दिशा प्रदान करती है।

वार्ड सदस्य दिनेश कुमार महतो ने कहा कि युवा शक्ति राष्ट्र और समाज की सबसे बड़ी संपत्ति है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी यदि सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़ें तो नगर और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

विद्यार्थी परिषद के प्रदेश मंत्री प्रकाश टूटी ने कहा कि परिषद हमेशा छात्र-छात्राओं के अधिकार, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और स्वस्थ परिसर संस्कृति के लिए संघर्षरत रही है। समारोह के दौरान छात्र-छात्राओं ने एक-दूसरे को अबीर और गुलाल लगाकर बधाई दीं।

इस अवसर पर राजकुमार गुप्ता अभिषेक श्रीवास्तव, विजय प्रधान, प्रियंका, सुनील, अमित कुमार, बिनोद प्रजापति, मंगल कुम्हार, अंजनी कुमारी सहित महाविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी और छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।