पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा जंगल में आईईडी विस्फोट, कोबरा के दो जवान घायल
पश्चिमी सिंहभूम, 21 फरवरी। झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान शनिवार को छोटा नागरा थाना क्षेत्र में चल रहे सर्च ऑपरेशन के दौरान नक्सलियों की ओर से पहले से लगाए गए प्रेशर आईईडी में विस्फोट हो गया, जिससे कोबरा बटालियन के दो जवान घायल हो गए।
पुलिस के अनुसार, सुरक्षा बलों को सारंडा के अंदरूनी इलाकों में नक्सली गतिविधियों की सूचना मिली थी। इसके बाद जिला पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की संयुक्त टीम ने जंगल में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। इसी दौरान जवानों का पैर जमीन में दबाकर लगाए गए विस्फोटक उपकरण पर पड़ गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट के बाद कुछ समय के लिए इलाके में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई, लेकिन अन्य जवानों ने तुरंत स्थिति को संभाल लिया।
पश्चिमी सिंहभूम के पुलिस अधीक्षक अमित रेणु ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि नक्सलियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान पहले से लगाए गए आईईडी के विस्फोट में कोबरा के दो जवान घायल हुए हैं। दोनों घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए रांची भेजा गया है।
उन्होंने बताया कि घटना के तुरंत बाद सुरक्षा बलों ने घायल जवानों को जंगल से सुरक्षित बाहर निकालकर नजदीकी कैंप में प्राथमिक उपचार दिया। बाद में उनकी स्थिति को देखते हुए हेलीकॉप्टर के माध्यम से रांची रेफर किया गया, जहां उन्हें उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।









