outstanding-for-31970-drinking

जींद : डिफाल्ट्रों पर कसेगा शिकंजा, पेयजल व सीवरेज का करोडों बकाया

जींद, 19 फ़रवरी । जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग व जल एवं स्वच्छता सहायक संगठन द्वारा जींद जिले के शहरी क्षेत्र में पेयजल व सीवरेज के बकाया बिलों की अयादगी व जल संरक्षण के लिए विशेष अंभियान की शुरूआत की है। जिसमें डिफाल्टरों पर शिकंजा कसा जाएगा। जींद शहर में इसके लिए 10 टीमों का गठन करके अभियान की जोरदार शुरूआत की गई है। जिसके सकारात्मक परिणाम आ रहे हैं।

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के जिला सलाहकार रणधीर मताना ने गुरूवार को बताया की जींद जिला के शहर जींद, जुलाना, उचाना, नरवाना व सफीदों में पेयजल व सीवरेज के 54202 कनैक्शन स्वीकृत है। जींद शहर में कुल 31970 पेयजल व सीवरेज के कनैक्शन स्वीकृत किए गए हैं। इसमें से 18928 केवल पेयजल के कनैक्शन स्वीकृत है। जबकि 22995 केवल सीवरेज के कनैक्शन स्वीकृत है। शहर में पानी व सीवरेज के 652 व्यवसायिक कनैक्शन भी स्वीकृत किए गए हैं। उन्होने बताया कि जींद शहर में दिसंबर 2026 तक पेयजल व सीवरेज के बिल के रूप में 16,37,41,997 रुपये का बिल बकाया था। जबकि इस वर्ष 10 फरवरी 2026 तक 1,39,15,114 रूपये का रिवन्यू विभाग को प्राप्त हुआ है। उन्होंने बताया की पेयजल व सीवरेज की बकाया बिल की अयादगी के लिए सभी शहरो में टीमों का गठन किया गया हैं। यह टीम शहर में घर-घर जाकर उपभोक्ताओं को जल संरक्षण के साथ-साथ पेयजल व सीवरेज के बिल भरने के लिए भी जागरूक कर रही है। विभाग द्वारा ऐसे डिफाल्टरों की सूची भी तैयार की जा रही है। जो पिछले काफी समय से बिल नही भर रहे हैं। ऐसे उपभोक्ताओं पर शिकंजा कसने के लिए विभाग द्वारा पहले नोटिस दिया जाएगा। यदि उपभोक्ता द्वारा फिर भी बिल नही भरा जाता है तो उनके पेयजल व सीवरेज के कनैक्शन बंद किए जाएंगे और विभाग के नियमानुसार जुर्माना व अन्य विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

कार्यकारी अभियंता एवं नोडल अधिकारी भानु प्रकाश शर्मा ने बताया की विभाग द्वारा हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। इसके लिए विभाग द्वारा लीकेज को समयबद्ध तरीके से ठीक किया जा रहा है और हर घर में कलोरिनयुक्त पेयजल की सप्लाई की जा रही है। शहरी क्षेत्र में विभाग द्वारा शुरू किया गया अभियान कारगर साबित हो रहा है।