इटखोरी महोत्सव का मंत्रियों ने किया उद्घाटन, पहले दिन कई कार्यक्रम आयोजित
चतरा, 19 फ़रवरी । तीन दिवसीय राजकीय इटखोरी महोत्सव 2026 का शुभारंभ गुरुवार काे हुआ। उद्घाटन समारोह में वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के मंत्री योगेंद्र प्रसाद विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित हुए और महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अवसर पर चतरा सांसद कालीचरण सिंह, चतरा विधायक जनार्दन पासवान, सिमरिया विधायक उज्ज्वल कुमार दास, पूर्व मंत्री सत्यानंद भोगता, जिला परिषद अध्यक्षा ममता कुमारी और जिला परिषद उपाध्यक्ष ब्रिज किशोर तिवारी सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लाेग उपस्थित थे।
समारोह के दौरान अतिथियों ने इटखोरी की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक थाैर आध्यात्मिक विरासत को समर्पित कॉफी टेबल बुक का विमोचन किया गया। साथ ही श्रद्धालुओं और आमजनों की सुविधा के लिए मां भद्रकाली मंदिर के लिए विकसित आधिकारिक वेबसाइट का भी लोकार्पण किया गया।
उद्घाटन के बाद सभी अतिथियों ने मां भद्रकाली मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और राज्य की सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर उपायुक्त कीर्तिश्री ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि राजकीय इटखोरी महोत्सव क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय पटल पर स्थापित करने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी विभाग और आम लोगों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
महोत्सव के पहले दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम, पारंपरिक लोकनृत्य और रंगारंग प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। आगामी दो दिनों तक विविध सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और पर्यटन आधारित गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जिससे इटखोरी की पहचान और अधिक सशक्त होगी।









