उच्च तापीय विद्युत लाइन का तार टूटा, दो ग्रामीणों की जलकर मौत
फिरोजाबाद, 19 फ़रवरी । जिले के थाना एका क्षेत्र अन्तर्गत गांव रूहासी पट्टी में गुरुवार को उच्च तापीय विद्युत लाइन का तार टूटकर गिरने से दो ग्रामीणों की मौत हो गई। घटना से परिजनों व ग्रामीणों ने आक्रोश व्याप्त हो गया। पुलिस ने परिजनों को समझाकर शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया है।
जानकारी के अनुसार एका थाना क्षेत्र के गांव रुहासी पट्टी निवासी भूपेंद्र (28) पुत्र जगदीश और प्रदीप (28) पुत्र अशोक शाक्य आज गांव से खेतों की तरफ जा रहे थे। वह दोनों जैसे ही गली से बाहर आए कि अचानक उच्च तापीय विद्युत लाइन का तार टूटकर गिर गया। जिसकी चपेट में दोनों युवक आ गए। जिससे बुरी तरह झुलसकर उनकी मौत हो गई। घटना से गांव में हड़कंप मच गया। परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों व ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हादसे का जिम्मेदार बताया और परिजनों ने मुआवजे की मांग की। सूचना पर पुलिस टीम के साथ एसडीएम न्यायिक जसराना अब्बास नकवी और तहसीलदार रवीश कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को मुआवजा दिलाए जाने का आश्वासन दिया। जिसके बाद पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
थाना प्रभारी एका संजुल पांडेय ने बताया कि विद्युत के तार टूटकर गिरने से दाे युवकाें की माैत हुई है। दाेनाें शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज गया है। मामले की जांच कर विधिक कार्यवाही की जाएगी।









